ग्रेटर नोएडा में निर्माणाधीन पानी की टंकी से गिरकर युवती की हुई मौत
सारांश
मुख्य बातें
ग्रेटर नोएडा, 6 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना ने पूरे गाँव को हिला कर रख दिया।
थाना दनकौर के अंतर्गत दौला रजपुरा गाँव में एक 20 वर्षीय युवती की निर्माणाधीन पानी की टंकी से गिरकर मौत हो गई। मृतका की पहचान रानी पुत्री सलीम के रूप में हुई है। इस घटना ने परिवार में कोहराम मचा दिया है और पूरे गाँव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रानी सोमवार सुबह खेतों में गेहूं की फसल काटने के लिए गई थी। खेत के पास एक निर्माणाधीन पानी की टंकी थी। बताया गया है कि काम के दौरान रानी टंकी के पास पहुंची और वहाँ बनी सीढ़ियों के सहारे ऊपर चढ़ने लगी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह टंकी पर घूमने या पानी लेने के लिए चढ़ रही थी। अचानक उसका पैर फिसल गया और वह ऊंचाई से गिर गई। गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मृत्यु हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पहले दृष्टया यह एक हादसा प्रतीत हो रहा है, हालाँकि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
इस घटना के बाद मृतका के परिवार में गहरा दुख छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माणाधीन स्थलों पर सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।