परिवार की इच्छाओं के खिलाफ जाकर रतन राजपूत ने कैसे बनाई एक्टिंग में पहचान?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 19 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। टीवी की दुनिया में कई ऐसे सितारे हैं जिन्होंने अपनी चमक बिखेरी, लेकिन फिर अचानक पर्दे से गायब हो गए। ऐसी ही एक अदाकारा हैं रतन राजपूत। बिहार की एक साधारण लड़की ने छोटे पर्दे की मशहूर 'लाली' बनने तक का सफर संघर्ष, साहस और कुछ विवादों से भरा रहा है।
परिवार की इच्छाओं के विरुद्ध एक्टिंग का मार्ग चुनकर उन्होंने न केवल खुद को साबित किया, बल्कि राष्ट्रीय टीवी पर अपना स्वयंवर भी आयोजित कर सबको चकित कर दिया। आज, शोबिज से दूरी बनाने के बाद भी रतन राजपूत सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं और एक बिल्कुल अलग जीवन जी रही हैं।
रतन राजपूत का जन्म 20 अप्रैल 1987 को पटना में हुआ। उनके पिता का नाम राम रतन सिंह और मां का नाम सीमा चौहान है। बचपन से ही अदाकारा बनने का सपना देखने वाली रतन ने परिवार की इच्छा के खिलाफ जाकर एक्टिंग को अपना करियर चुना। परिवार उन्हें इस क्षेत्र में नहीं भेजना चाहता था, लेकिन रतन ने अपनी जिद नहीं छोड़ी।
उन्होंने दिल्ली में रहकर थिएटर गुरु सुरेंद्र शर्मा से एक्टिंग की ट्रेनिंग ली और उनके निर्देशन में कई नाटकों में काम किया। इसके बाद, मुंबई आकर रतन ने सीरियल के लिए ऑडिशन दिए और धीरे-धीरे टीवी इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाई। रतन को असली पहचान साल 2010 में प्रसारित सीरियल 'अगले जनम मोहे बिटिया ही कीजो' से मिली। इसमें 'लाली' का किरदार निभाकर वह हर घर में मशहूर हो गईं। इसके अलावा, उन्होंने 'राधा की बेटियां कुछ कर दिखाएंगी', 'महाभारत', 'संतोषी मां' और 'रिश्तों का मेला' जैसे कई सफल सीरियलों में भी काम किया।
साल 2013 में वह रियलिटी शो 'बिग बॉस' सीजन 7 में भी प्रतियोगी के रूप में भाग ले चुकी हैं। रतन का सबसे चर्चित क्षण साल 2010 में था, जब उन्होंने रियलिटी शो 'रतन का रिश्ता' में अपना स्वयंवर आयोजित किया। कई युवक इस शो में शामिल हुए और अंततः रतन ने अभिनव शर्मा को चुना। दोनों ने सगाई की, लेकिन कुछ समय बाद उनका रिश्ता टूट गया। इस शो के कारण रतन काफी सुर्खियों में रहीं और कुछ विवादों का भी सामना किया।
आज रतन इंडस्ट्री से पूरी तरह दूर हैं। टीवी से दूर होने से पहले उन्होंने 'संतोषी मां' में मुख्य भूमिका निभाई थी। सेट पर हुए कथित शोषण के बाद उन्होंने काम करना बंद कर दिया था। कोविड-19 महामारी के दौरान रतन पटना लौट गईं, जहां उन्होंने गाँव में समय बिताया, खेती की और अपने जीवन को सरल बनाया। वह सोशल मीडिया और अपने यूट्यूब चैनल पर सक्रिय रहती हैं, जहाँ वह अपने अनुयायियों के साथ अपनी दिनचर्या, स्वास्थ्य और सादगी भरे जीवन के पल साझा करती हैं।