श्री माता वैष्णो देवी तीर्थयात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि, सीईओ ने दी सुविधाओं की जानकारी
सारांश
Key Takeaways
- श्रद्धालुओं की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि
- सुविधाओं में सुधार जैसे स्काईवॉक और साधना कक्ष
- स्थानीय युवाओं को खेलों में प्रशिक्षण
- हवन शुल्क में कमी
- खेल एरिना का निर्माण
कटरा, 9 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सचिन कुमार वैश्य ने गुरुवार को वैष्णो देवी तीर्थयात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि की जानकारी दी।
सचिन कुमार वैश्य ने समाचार एजेंसी राष्ट्र प्रेस से बातचीत में कहा, "इस वर्ष वैष्णो देवी तीर्थयात्रा में भक्तों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि देखी जा रही है। अब तक 23.5 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा मंदिर में माता के दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्षों की तुलना में यह संख्या लगभग 1.5 गुना अधिक है, जो कि बोर्ड के लिए बहुत उत्साहजनक है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में भी भक्तों की संख्या निरंतर बढ़ती रहेगी।"
श्राइन बोर्ड ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। सीईओ ने कहा कि बोर्ड हर साल सुविधाओं में सुधार करता है ताकि हर आने वाले भक्त को बेहतर अनुभव प्राप्त हो सके। इसमें रहने की व्यवस्था, भोजन, यात्रा मार्ग और दर्शन व्यवस्था शामिल हैं।
उन्होंने बताया, "वर्तमान में कमरों की क्षमता बढ़ाई जा रही है। पवित्र गुफा की ओर जाने के लिए भक्तों के लिए स्काईवॉक का निर्माण किया गया है, जिससे यात्रा सुगम हो गई है। दर्शन के बाद भीड़ से बचने के लिए अलग निकास मार्ग भी तैयार किया गया है। इसके अलावा, एक साधना कक्ष भी बनाया गया है, जहां श्रद्धालु निःशुल्क बैठकर साधना कर सकते हैं। हवन करने वालों की संख्या बढ़ने के साथ ही हवन शुल्क में भी कमी की गई है। बाबा शिव खोड़ी के दर्शन के लिए हेलीकॉप्टर सेवा की व्यवस्था को और अधिक बेहतर किया जा रहा है।"
सचिन कुमार वैश्य ने खेलों के क्षेत्र में श्राइन बोर्ड की भूमिका पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि श्राइन बोर्ड स्थानीय युवाओं को विभिन्न खेलों में प्रशिक्षण दे रहा है। यहां तीरंदाजी, क्रिकेट, बास्केटबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन, जूडो, टेबल टेनिस और लॉन टेनिस जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। जल्द ही एक बड़ा खेल एरिना भी तैयार हो जाएगा।
उन्होंने हाल ही में बैंकॉक में विश्व पैरा तीरंदाजी प्रतियोगिता में दो स्वर्ण पदक जीतने वाली स्थानीय खिलाड़ी पायल की प्रशंसा की और कहा कि बोर्ड से पहले भी शीतल देवी और राकेश जैसे खिलाड़ी निकले हैं, जिन्हें भारत सरकार ने सम्मानित किया है। बोर्ड खिलाड़ियों के रहने-खाने का पूरा ध्यान रखता है। हाल ही में खिलाड़ियों के लिए विशेष मेस का उद्घाटन किया गया है, ताकि एथलीट्स को पौष्टिक भोजन मिल सके।
एक सवाल के जवाब में सीईओ ने हाल के विवाद पर भी बात की। उन्होंने कहा कि वे धार्मिक परंपराओं का पूरा सम्मान करते हैं, लेकिन एक वीडियो क्लिप को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया था। उन्होंने जोर देकर कहा कि आध्यात्मिक सेवाओं और शैक्षिक कार्यक्रमों के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधाएं समय पर उपलब्ध करानी चाहिए।