क्या कांग्रेस हर बार हारने के बाद सिर्फ आरोप लगाती है? : शाहनवाज हुसैन
सारांश
मुख्य बातें
मेरठ, २५ जुलाई (राष्ट्र प्रेस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी पर वोट चोरी का गंभीर आरोप लगाया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने शुक्रवार को राहुल गांधी के इस आरोप का जवाब देते हुए कहा कि जब वे चुनाव जीतते हैं, तब सब कुछ सही रहता है, लेकिन जब हारते हैं, तो केवल आरोप लगाने लगते हैं।
भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा, "कहीं भी वोट चोरी जैसा कुछ नहीं होता। जब वे कर्नाटक, तेलंगाना, हिमाचल, रायबरेली और वायनाड में जीतते हैं, तब उन्हें कोई वोट चोरी नहीं दिखती। लेकिन जब महाराष्ट्र और हरियाणा में हार का सामना करना पड़ता है और दिल्ली में जीरो पर आउट हो जाते हैं, तो वोट चोरी की बात करने लगते हैं। बिहार में हमारी सरकार लगातार 20 साल से है और आगे भी एनडीए की सरकार बनेगी।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा सांसद अखिलेश यादव की मस्जिद में सांसदों के साथ मीटिंग पर शाहनवाज हुसैन ने निशाना साधा। उन्होंने कहा, "मस्जिद इबादत की जगह है। मैं मस्जिद में इबादत और जुमे की नमाज अदा करने आता हूं। यह सियासत की जगह नहीं है। यहाँ सियासत से बचना चाहिए। यदि मीटिंग करनी है, तो बहुत सी जगह हो सकती हैं। मस्जिद में इमाम ही सब कुछ होते हैं। इसलिए सियासत की इमामत अलग और मस्जिद की इमामत अलग है।"
उन्होंने बिहार में एनडीए सरकार बनने का दावा करते हुए कहा, "केंद्र में लगातार तीसरी बार सरकार बनाना बहुत बड़ी बात है। सभी को पता है कि जवाहरलाल नेहरू के बाद पीएम नरेंद्र मोदी दूसरे सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री बने हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। पीएम नरेंद्र मोदी के नाम लंबे समय तक प्रधानमंत्री बने रहने का रिकॉर्ड है। हम सभी दुआ करते हैं कि वे लंबे समय तक देश के पीएम बने रहें।"
यह उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने कार्यकाल के 4,078 दिन पूरे कर लिए हैं। इस प्रकार उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के 24 जनवरी, 1966 से 24 मार्च, 1977 तक लगातार 4,077 दिनों तक प्रधानमंत्री पद पर बने रहने के रिकॉर्ड को तोड़ा। उनकी इस उपलब्धि पर भाजपा नेता बहुत उत्साहित हैं।