नीतीश कुमार आज जेडीयू अध्यक्ष पद के लिए करेंगे नामांकन, चुनाव प्रक्रिया तय
सारांश
Key Takeaways
- नीतीश कुमार आज जेडीयू अध्यक्ष पद के लिए नामांकन कर रहे हैं।
- नामांकन की प्रक्रिया 22 मार्च तक चलेगी।
- पार्टी में नेतृत्व परिवर्तन की कोई संभावना नहीं है।
- राज्यसभा में जाने के बाद निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री हुई है।
- जदयू स्थिरता और अनुभव पर भरोसा कर रही है।
नई दिल्ली, 19 मार्च, (राष्ट्र प्रेस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार गुरुवार को जनता दल (यूनाइटेड) के अध्यक्ष पद के लिए नामांकन देने जा रहे हैं। 2025-2028 कार्यकाल के लिए अध्यक्ष पद के लिए नीतीश कुमार शाम 4.00 बजे पार्टी के केंद्रीय कार्यालय, नई दिल्ली में नामांकन पत्र प्रस्तुत करेंगे।
नीतीश कुमार के साथ पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा में संसदीय दल के नेता संजय कुमार झा, विधान परिषद सदस्य श्रवण कुमार, संजय कुमार सिंह "गाँधी" और अन्य नेता नामांकन पत्र पार्टी के निर्वाचन अधिकारी अनिल प्रसाद हेगडे को सौंपेंगे।
जदयू में प्रदेश स्तर पर संगठन के चुनाव पहले ही संपन्न हो चुके हैं। अब केवल राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की औपचारिक प्रक्रिया बाकी है, जो निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी की जा रही है।
राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए 22 मार्च तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 23 मार्च को स्क्रूटनी होगी और 24 मार्च नाम वापसी की अंतिम तारीख है। इसके बाद स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। हालाँकि, अब तक किसी अन्य दावेदार के सामने नहीं आने के कारण यह लगभग निश्चित माना जा रहा है कि नीतीश कुमार निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिए जाएंगे। यह प्रक्रिया अब केवल औपचारिकता बनकर रह गई है।
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा पहले ही कह चुके हैं कि हर कार्यकर्ता की इच्छा है कि नीतीश कुमार ही अध्यक्ष बने रहें। इससे स्पष्ट है कि जदयू फिलहाल नेतृत्व में किसी परिवर्तन के पक्ष में नहीं है। आने वाले समय में पार्टी अनुभव और स्थिरता पर भरोसा बनाए रखना चाहती है।
गौरतलब है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा में जाने के निर्णय के बाद उनके पुत्र निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री हो चुकी है। वहीं, बिहार में नए सीएम को लेकर चर्चाएँ तेज़ हो गई हैं। हालाँकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि नया सीएम कौन होगा।