नोएडा श्रमिक प्रदर्शन: एटीएस ने पाकिस्तानी कनेक्शन की जांच तेज की, भड़काऊ सोशल मीडिया पर नजर
सारांश
मुख्य बातें
नोएडा, 18 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। हाल ही में नोएडा में श्रमिकों द्वारा किए गए उग्र प्रदर्शन में हुई तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाओं के संदर्भ में जांच में नया मोड़ आया है। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि इस घटना में संदिग्ध विदेशी कनेक्शन, खासकर पाकिस्तानी लिंक, शामिल हो सकते हैं, जिसके बाद एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) ने मामले में कदम बढ़ाया है।
एटीएस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए अपनी जांच का दायरा बढ़ा दिया है और हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में श्रमिकों ने सड़कों पर उतरकर विरोध जताया, जो जल्द ही हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान कई जगहों पर तोड़फोड़, वाहनों में आगजनी और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं हुईं।
पुलिस और प्रशासन को स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कठिनाई का सामना करना पड़ा। जांच एजेंसियों को संदेह है कि यह घटना सुनियोजित तरीके से भड़काई गई थी। विशेष रूप से, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स का उपयोग कर लोगों को भड़काने और स्थिति को बिगाड़ने की साजिश की गई। एटीएस अब उन सभी सोशल मीडिया और ट्विटर अकाउंट्स की गहन जांच कर रही है, जिन्होंने प्रदर्शन के दौरान भड़काऊ पोस्ट, वीडियो या संदेश साझा किए थे।
सूत्रों के अनुसार, कुछ संदिग्ध अकाउंट्स की लोकेशन और गतिविधियां देश के बाहर से संचालित होने के संकेत दे रही हैं, जिनका संबंध पाकिस्तान से होने की आशंका है। इन अकाउंट्स का उपयोग करके अफवाहें फैलाने, गलत जानकारी देने और लोगों को हिंसा के लिए उकसाने का प्रयास किया गया। एटीएस डिजिटल फॉरेंसिक टीम की मदद से इन अकाउंट्स के डेटा, आईपी एड्रेस और नेटवर्क कनेक्शन की जांच कर रही है।
साथ ही, यह भी अध्ययन किया जा रहा है कि क्या इन अकाउंट्स का किसी आतंकी संगठन या संगठित नेटवर्क से कोई संबंध है। प्रशासन का कहना है कि दोषियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और जो भी व्यक्ति या समूह इस हिंसा में शामिल पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वर्तमान में पूरे मामले की जांच जारी है और आगामी दिनों में और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।