नोएडा में वाहन चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार, अवैध हथियार भी बरामद
सारांश
Key Takeaways
- नोएडा पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया।
- चोरी की मोटरसाइकिल और अवैध हथियार बरामद हुए।
- पुलिस ने गहन चेकिंग अभियान चलाया।
- आरोपियों का आपराधिक इतिहास है।
- जनता को सुरक्षा उपायों का पालन करने की सलाह।
नोएडा, 19 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। नोएडा के सेक्टर-142 पुलिस थाने ने वाहन चोरी की घटनाओं पर एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल और अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। यह कार्रवाई स्थानीय इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर की गई। पुलिस के अनुसार, गुरुवार को टीम ने सेक्टर-140 क्षेत्र में गहन चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया। इसी दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़कर पूछताछ की गई, जिनकी पहचान विशाल तिवारी और फरीद के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान उनके पास से एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई, जो दिल्ली के जाफराबाद थाना क्षेत्र से चुराई गई थी। इसके साथ ही, आरोपी विशाल तिवारी के पास से एक अवैध तमंचा और 315 बोर का एक जिंदा कारतूस मिला, जबकि उसके साथी फरीद के पास एक अवैध चाकू पाया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया और उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस जांच से यह भी पता चला है कि आरोपी विशाल तिवारी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ गाजियाबाद के विजयनगर थाना क्षेत्र में वाहन चोरी और अन्य मामलों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
इसी प्रकार, फरीद का नाम भी दिल्ली के जाफराबाद थाना में दर्ज एक मामले में सामने आ चुका है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह गिरोह रेकी कर सुनसान स्थानों से दोपहिया वाहनों को चुराता था और बाद में उन्हें बेच देता था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य साथियों और चोरी की घटनाओं के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि अपने वाहनों को सुरक्षित स्थान पर पार्क करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।