पटना में अमर शहीद जुब्बा सहनी के शहादत दिवस पर भव्य आयोजन, उप मुख्यमंत्री होंगे शामिल
सारांश
Key Takeaways
- अमर शहीद जुब्बा सहनी का शहादत दिवस 11 मार्च को मनाया जाएगा।
- कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री और अन्य प्रमुख नेता शामिल होंगे।
- यह कार्यक्रम निषाद समाज के योगदान को सम्मानित करेगा।
- जल मित्र सामाजिक संगठन द्वारा आयोजित किया जा रहा है।
- कार्यक्रम का उद्देश्य जुब्बा सहनी की वीरता को याद करना है।
पटना, 9 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। बिहार की राजधानी पटना के बापू सभागार में 11 मार्च को अमर शहीद जुब्बा सहनी के शहादत दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का आयोजन जल मित्र सामाजिक संगठन की ओर से किया जा रहा है, जिसमें उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा बतौर अतिथि शामिल होंगे।
जल मित्र सामाजिक संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सकलदेव सिंह ने सोमवार को प्रेस वार्ता में कहा कि अमर शहीद जुब्बा सहनी के शहादत दिवस को मनाने के लिए 11 मार्च को निषाद समुदाय के हजारों लोग बापू सभागार में एकत्रित होंगे। इस कार्यक्रम में बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, झारखंड, और बिहार के विभिन्न जिलों के लोग भी शामिल होंगे।
इस भव्य कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाईं दलसानिया, उद्योग मंत्री दिलीप जायसवाल, मंत्री सुरेंद्र मेहता, और मंत्री प्रमोद चन्द्रवंशी सहित कई अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि अमर शहीद जुब्बा सहनी की शहादत को देश कभी नहीं भूलेगा। निषाद समाज का देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
बिंद, बेलदार, नोनिया एवं अन्य उपजातियों के समर्थन से इस तरह का व्यापक कार्यक्रम पहली बार आयोजित किया जा रहा है। सकलदेव सिंह बिंद ने कहा कि जुब्बा सहनी की जीवनी और उनकी शहादत को आगामी पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए यह बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि हम सबका कर्तव्य है कि आने वाली पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों की जीवनी से परिचित कराएं। अमर शहीद जुब्बा सहनी का आजादी की लड़ाई में किया गया योगदान कभी नहीं भुलाया जा सकता। मुजफ्फरपुर की धरती पर जन्मे जुब्बा सहनी जी का योगदान इतिहास के पन्नों में स्वर्ण अक्षरों से अंकित है। उन्होंने अंग्रेजी शासन के अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाई और एक नई क्रांति की नींव रखी।