क्या पवन सिंह काले कपड़े पहनने से परहेज करते हैं? जानिए असली वजह
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 11 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। कपिल शर्मा के कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का नया एपिसोड शनिवार रात को प्रसारित हुआ, जिसमें सांसद मनोज तिवारी, पूर्व सांसद दिनेश लाल यादव और पावर स्टार पवन सिंह उपस्थित थे।
इस शो में राजनीति और भोजपुरी गानों पर चर्चा हुई, लेकिन पवन सिंह ने खुलासा किया कि वे काले कपड़े पहनने से दूर रहते हैं।
शो में पवन सिंह ने कम बातें कीं और उनके जो भी जवाब थे, वे सीमित थे। ऐसा लगा जैसे वे फूंक-फूक कर बोल रहे हैं। उन्होंने बताया कि जिस दिन वे काले कपड़े पहनकर बाहर निकलते हैं, किसी न किसी वजह से दिन खराब हो जाता है। उन्होंने कहा कि काले कपड़ों के अलावा, अगर किसी अन्य रंग के कपड़े में भी दिन बुरा होता है, तो वे उसे फिर से नहीं पहनते।
पवन सिंह का मानना है कि यदि किसी कपड़े में सब कुछ सही चल रहा है, तो वे उसे लगभग 5 साल तक पहनते हैं। काले कपड़ों पर मनोज तिवारी हंसते हैं, क्योंकि वे खुद उस शो में काले कपड़े पहनकर आए थे। पवन सिंह ने यह भी बताया कि उनके कपड़ों में लाल रंग का कुछ न कुछ होना चाहिए, क्योंकि लाल उनके लिए लकी है।
शो में पवन सिंह ने कहा कि उनके लिए तीन चीजें सबसे महत्वपूर्ण हैं: पहली उनकी मां, दूसरा उनका काम और तीसरा दर्शक, जिनकी वजह से वे इस मुकाम तक पहुंचे हैं।
इस एपिसोड में पवन सिंह और मनोज तिवारी ने अपने करियर के शुरुआती संघर्षों के किस्से भी साझा किए। मनोज तिवारी ने बताया कि जब वे कॉलेज में थे, तो अपनी पढ़ाई के लिए तीन साल तक ड्राइवर की नौकरी की। वहीं, पवन सिंह का बचपन अत्यंत गरीबी में गुजरा। जब उनके गांव में शादी होती थी, तो बचा हुआ खाना गांव के गरीब बच्चों में बांट दिया जाता था, और उन मांगने वाले हाथों में एक हाथ पवन सिंह का भी होता था।