विजयनगरम: चलती बस में लगी आग, यात्रियों ने समय पर पाया सुरक्षित निकास
सारांश
मुख्य बातें
विजयनगरम, 21 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। निजी बसों में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इसी क्रम में विजयनगरम जिले में एक चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई। हालांकि आग लगते ही यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़े हादसे से बचा जा सका। बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
जानकारी के अनुसार, ओडिशा के भुवनेश्वर से मलकाजगिरि जा रही बस जब विजयनगरम जिले के रामभद्रपुरम मंडल के तारापुरम के पास पहुंची, तभी बस का पिछला टायर फट गया, जिसके कारण आग लग गई। टायर फटने पर ड्राइवर ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत बस रोककर यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे किसी को भी चोट नहीं आई। इसके बाद बस धूं-धूं कर जलने लगी। बताया गया है कि बस में कुल 37 यात्री सवार थे, जिनमें से एक ओडिशा का विधायक भी था।
सूचना मिलते ही दमकलकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और आग बुझाने में सफल रहे। हालांकि तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। इस घटना से यात्रियों में दहशत फैल गई थी। प्रशासन ने यात्रियों को दूसरी बस की व्यवस्था की ताकि वे अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। पुलिस आग लगने के कारण का पता लगाने में जुटी है।
गौरतलब है कि 7 मार्च को महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में भी इसी प्रकार का हादसा हुआ था। इंदौर से अकोला जा रही एक प्राइवेट बस में अचानक आग लग गई थी। यह घटना राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 56 पर नांदुरा के निकट हुई थी। बस में लगभग 30 यात्री सवार थे, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। इसी तरह, 13 मार्च की सुबह, राजस्थान-गुजरात सीमा पर भी एक निजी बस में भीषण आग लग गई थी, जिसमें एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया था। हालांकि अन्य यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया था। जिस बस में आग लगी थी, वह तीसरी बार यात्रियों को लेकर जा रही थी।