गौरव गेरा ने ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ में दोहराया ‘धुरंधर’ का चर्चित सीन, दर्शक नहीं पहचान पाते
सारांश
Key Takeaways
- गौरव गेरा ने ‘दूध सोडा’ का किरदार फिर से प्रस्तुत किया।
- लोग उन्हें पहचान नहीं पाते हैं।
- ‘धुरंधर 2’ 19 मार्च को रिलीज हो रही है।
- अक्षय कुमार ने मजेदार टिप्पणी की।
- शो में अन्य विशेष मेहमान भी शामिल थे।
मुंबई, 13 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। अभिनेता गौरव गेरा हाल ही में क्विज रियलिटी शो ‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ में दिखाई दिए, जहां उन्होंने अपनी प्रसिद्ध फिल्म ‘धुरंधर’ के किरदार ‘दूध सोडा’ के दृश्य को फिर से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर उन्होंने साझा किया कि लोग अचंभित रह जाते हैं जब उन्हें पता चलता है कि ‘दादी’ बनकर दूध सोडा बेचने वाले मोहम्मद आलम का किरदार उन्होंने ही निभाया था।
गौरव ने शो में कहा, “कई लोग तो मुझे पहचान ही नहीं पाते दादी के मेकअप की वजह से। उन्हें विश्वास ही नहीं होता कि वो मैं था।”
उनकी इस बात पर शो के होस्ट अक्षय कुमार ने चुटकी लेते हुए कहा, “एक नकली दादी लेकर घुमा करो। जब कोई पहचाने नहीं तो तुरंत बता दो हां भाई, मैं हूं!” इस मजेदार पल पर स्टूडियो में सभी लोग हंस पड़े।
दिसंबर 2025 में रिलीज हुई ब्लॉकबस्टर ‘धुरंधर’ में गौरव गेरा का दादी वाला किरदार फिल्म का मुख्य आकर्षण बन गया था और दर्शकों ने इसे बहुत पसंद किया। अब फिल्म का सीक्वल ‘धुरंधर 2’ 19 मार्च को सिनेमाघरों में आने के लिए तैयार है, जिसे लेकर फैंस में काफी उत्साह है।
नवीनतम फिल्म के प्रचार में टीम जुटी हुई है। इसी क्रम में गौरव गेरा के साथ शो में आयशा खान और राकेश बेदी भी विशेष मेहमान के रूप में शामिल हुए। गौरव ने शो में अपने पिछले और नए किरदारों के बारे में खुलकर चर्चा की। उन्होंने बताया कि दादी किरदार का मेकअप और लुक इतना वास्तविक था कि कई बार लोग उन्हें असल जिंदगी में भी नहीं पहचान पाते।
अक्षय और गौरव पुरानी यादों में खोए नजर आए। दोनों उन फिल्मों की चर्चा कर रहे थे जिनमें उन्होंने एक साथ काम किया है, जैसे कि 2011 में आई फिल्म 'चलो दिल्ली', 'द शौकीन्स' और 'छोटे मियां बड़े मियां'।
‘व्हील ऑफ फॉर्च्यून’ सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर प्रसारित होता है। इसके अलावा, इसे सोनी लीव पर भी देखा जा सकता है।