गिन्नी वेड्स सनी 2 इवेंट में सुधीर पांडे को नजरअंदाज करने पर अविनाश तिवारी का स्पष्टीकरण
सारांश
मुख्य बातें
मुंबई, 19 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। फिल्म गिन्नी वेड्स सनी 2 के ट्रेलर लॉन्च इवेंट को लेकर सोशल मीडिया पर काफी हलचल मची हुई है। अविनाश तिवारी और मेधा शंकर की आने वाली फिल्म के इवेंट में वरिष्ठ अभिनेता सुधीर पांडे को नजरअंदाज किए जाने का एक वीडियो वायरल होने की वजह से विवाद पैदा हो गया है। अब अविनाश तिवारी ने खुद सुधीर पांडे से इस घटनाक्रम की वजह पूछी है।
सोशल मीडिया पर एक वीडियो सामने आया है, जिसमें अविनाश तिवारी मीडिया से बातचीत में व्यस्त दिखाई दे रहे हैं, जबकि सुधीर पांडे स्टेज के पीछे अकेले जाते हुए नजर आ रहे हैं। इस पर कई यूजर्स ने निराशा व्यक्त की और अविनाश से सवाल किया कि उन्होंने सुधीर पांडे को क्यों नहीं रोका। अविनाश ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सुधीर पांडे से सीधे पूछा, “आपने कैसी बात कर दी, सुधीर पांडे सर, अब आप ही बताइए।”
इस पर सुधीर पांडे ने स्पष्ट जवाब दिया कि वह अपनी फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के लिए शूटिंग के बीच से आए थे, इसलिए उन्हें वापस शूटिंग पर लौटने की जल्दी थी। उन्होंने कहा, “अविनाश, कोई खास वजह नहीं थी... मैं अपनी फिल्म के ट्रेलर लॉन्च में शामिल होने के लिए अपने शूट के बीच से आया था, इसलिए मुझे अपने शूट पर वापस जाने की जल्दी थी।”
उन्होंने आगे कहा कि ट्रेलर लॉन्च के बाद उन्हें लोगों से बहुत अच्छे रिएक्शन, शुभकामनाएं और प्यार मिल रहा है। सुधीर पांडे ने कहा कि जितने अधिक कमेंट्स वह पढ़ते गए, उनके अंदर नई ऊर्जा आई है और वह काफी उत्साहित हैं। साथ ही उन्होंने सभी प्रशंसकों का दिल से धन्यवाद किया।