पश्चिम एशिया में तनाव के बावजूद इराक फिर से शुरू करेगा तेल का निर्यात, होर्मुज संकट के चलते रुकी थी सप्लाई
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 18 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। इराक कुछ दिन में सभी क्षेत्रों से तेल का निर्यात पुनः प्रारंभ करने जा रहा है। इराक की सरकारी समाचार एजेंसी आईएनए ने शनिवार को यह जानकारी दी।
चार ऊर्जा स्रोतों के अनुसार, इराक ने शुक्रवार को दक्षिणी तेल निर्यात को फिर से शुरू किया है, जो हॉरमुज जलडमरूमध्य में परिवहन में रुकावट के कारण एक महीने से अधिक समय तक रुका रहा था। इसके अतिरिक्त, एक टैंकर ने कच्चा तेल लोड करना प्रारंभ कर दिया है।
इराक का 90 प्रतिशत कच्चा तेल हॉरमुज के माध्यम से जाता है। निर्यात में रुकावट के कारण इराक के स्टोरेज टैंक अपनी अधिकतम क्षमता तक भर गए थे। इससे इराक को अपने दक्षिणी तेल क्षेत्रों (जैसे रुमैला) में उत्पादन में 80 प्रतिशत तक की कटौती करनी पड़ी थी। ईरान-अमेरिका के बीच तनाव के कारण हॉरमुज जलडमरूमध्य बंद कर दिया गया था, जिसका प्रभाव इराक के तेल निर्यात पर पड़ा।
वहीं, ईरान की सेना का कहना है कि हॉरमुज जलडमरूमध्य से जहाजों के गुजरने पर फिर से रोक लगाई जा रही है। ईरानी सेना ने दावा किया है कि दोनों पक्षों के बीच सीज़फायर में अमेरिका ने बार-बार भरोसा तोड़ा है।
ईरान की संयुक्त सैन्य कमान ने शनिवार को कहा कि हॉरमुज पर नियंत्रण अपनी पूर्व स्थिति में लौट आया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि जब तक ईरानी बंदरगाह पर अमेरिका की नाकेबंदी लागू रहेगी, तब तक जलडमरूमध्य से आवाजाही पर रोक जारी रहेगी।
शुक्रवार को ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया कि जलडमरूमध्य यातायात के लिए खुला है, लेकिन कुछ ही घंटों में ईरानी सरकारी मीडिया ने पुष्टि की कि “जहाजों के आवागमन पर ईरानी सेना की पूरी निगरानी है। इसके साथ ही, ईरान ने चेतावनी दी कि यदि अमेरिकी नौसेना की नाकेबंदी जारी रहती है, तो हॉरमुज को बंद कर दिया जाएगा।”
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जोर देकर कहा है कि जब तक तेहरान के साथ पूर्ण समझौता नहीं हो जाता, तब तक ईरानी बंदरगाहों पर नौसैनिक नाकेबंदी जारी रहेगी। पिछले हफ्ते दोनों देशों के बीच इस्लामाबाद में पहले राउंड की बातचीत विफल हो गई थी। इसके बाद से यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों पक्ष कब और कहां फिर से मिलेंगे।
ईरानी सेना के प्रवक्ता ने कहा कि तेहरान ने सीमित संख्या में तेल टैंकरों और व्यावसायिक जहाजों को जलडमरूमध्य से गुजरने की अनुमति दी थी।
अर्ध सरकारी फार्स समाचार एजेंसी के अनुसार, प्रवक्ता ने कहा, “दुर्भाग्यवश, अमेरिकियों ने बार-बार भरोसा तोड़ा है, जो उनके ट्रैक रिकॉर्ड का हिस्सा है और वे तथाकथित नाकेबंदी के नाम पर समुद्री डकैती में लगे हुए हैं।”
उन्होंने कहा कि जब तक अमेरिका ईरानी बंदरगाहों से आने-जाने वाले जहाजों पर लगे प्रतिबंध को समाप्त नहीं कर देता, तब तक जलडमरूमध्य का नियंत्रण सुरक्षा बलों के सख्त प्रबंधन में रहेगा।