भारत और कोरिया के बीच डिजिटल भुगतान प्रणाली का एकीकरण, लोकल क्यूआर कोड से संभव होगा भुगतान
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 20 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग के साथ द्विपक्षीय बैठक की। इस बैठक के बाद दोनों नेताओं ने संयुक्त बयान दिया। दक्षिण कोरियाई राष्ट्रपति ली ने कहा कि बढ़ती मांगों के चलते भारत में कोरिया फाउंडेशन और कोरियन एजुकेशन सेंटर के माध्यम से हम कोरियन भाषा और अध्ययन कार्यक्रम को बढ़ावा देंगे।
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने कहा, "भारत के लोगों और पीएम मोदी, मैं आपकी पहल और मुझे और मेरे डेलीगेशन को दी गई गर्मजोशी भरी मेहमाननवाजी के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया अदा करना चाहता हूं। भारत दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है, जो तेजी से विकास कर रहा है। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति के तौर पर 8 साल में पहली बार आपके देश का स्टेट विजिट करके मुझे खुशी हो रही है।"
उन्होंने कहा, "आज, पीएम और मैंने अपने संबंधों को और मजबूत बनाने के तरीकों पर गहन चर्चा की और वैश्विक एवं क्षेत्रीय मुद्दों पर अपने विचार साझा किए। दुनिया की सबसे बड़ी जनसंख्या और चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के साथ, भारत वैश्विक दक्षिण में एक प्रमुख नेता बनकर उभरा है। आपके 'विकसित भारत 2047' विजन के तहत भारत अद्भुत विकास कर रहा है। रिपब्लिक ऑफ कोरिया भी चिप निर्माण, सेमीकंडक्टर और सांस्कृतिक उद्योगों में एक नेता के रूप में उभरा है।"
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने कहा, "इस अनिश्चितता के दौर में, हम इस पर सहमत हैं कि भारत और कोरिया आपसी विकास और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए सबसे अच्छे सहयोगी बन सकते हैं। हम शिप बिल्डिंग, एआई, वित्त और रक्षा जैसे रणनीतिक उद्योगों में सहयोग बढ़ाने और संस्कृति तथा लोगों के बीच लेन-देन को बढ़ावा देने पर भी सहमत हुए हैं।"
उन्होंने कहा, "हमारा उद्देश्य भारत और दक्षिण कोरिया के बीच वर्तमान 25 बिलियन डॉलर के वार्षिक व्यापार को 2030 तक लगभग 50 बिलियन डॉलर तक पहुंचाना है।"
दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग ने कहा, "भारत और दक्षिण कोरिया ने इलेक्ट्रॉनिक भुगतान प्रणाली को जोड़ने के लिए एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए हैं, जिससे हमारे नागरिक एक-दूसरे के देशों में यात्रा करते समय स्थानीय क्यूआर कोड प्रणाली का उपयोग करके भुगतान कर सकेंगे। यह एक महत्वपूर्ण कदम है जो दोनों देशों के बीच यात्रा को और सरल बनाएगा।"
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी और मैंने मध्य पूर्व में हाल की घटनाओं पर अपने विचार साझा किए और इस पर सहमत हुए कि मध्य पूर्व में स्थिरता और शांति बहाल करना वैश्विक सुरक्षा और अर्थव्यवस्था के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
भारत और कोरिया के बीच सिनेमा, संस्कृति, भाषा और शिक्षा के क्षेत्र में ली जे म्युंग ने कहा, "क्रिएटिव क्षेत्र से संबंधित एमओयू के तहत हमारी सहमति बनी है कि हम मुंबई-कोरिया सेंटर स्थापित करेंगे। उम्मीद है कि यहां के-पॉप और बॉलीवुड मिलकर एक सांस्कृतिक सहयोग बनाएंगे। भारत में कोरिया फाउंडेशन और कोरियन एजुकेशन सेंटर के तहत हम कोरियन भाषा और अध्ययन कार्यक्रम को भी बढ़ावा देंगे।"