झारखंड के चतरा में एसएसबी जवान ने सर्विस राइफल से आत्महत्या की
सारांश
मुख्य बातें
चतरा, १८ मार्च (राष्ट्र प्रेस)। झारखंड के चतरा जिले में एक एसएसबी जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मारकर जान दे दी, जिससे सुरक्षा कैंप में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना चतरा जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के शिला ओपी पिकेट पर हुई। यहां एसएसबी की ३५वीं बटालियन में जवान की तैनाती थी। बीती रात लगभग १० बजे जवान ने अपनी ही सर्विस राइफल से खुद को गोली मारी। मृतक जवान की पहचान देवघर जिले के महतोडीह गांव निवासी प्रह्लाद कुमार सिंह के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात के सन्नाटे में अचानक गोली चलने की आवाज आई। जब साथी जवान मौके पर पहुंचे, तो प्रह्लाद खून से लथपथ पड़े थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए चतरा एसपी और एसएसबी कमांडेंट तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया।
जवान प्रह्लाद सिंह का शव बुधवार सुबह सदर अस्पताल लाया गया, जिसके बाद अस्पताल परिसर में उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। प्रह्लाद के भाई रोहित सिंह ने बताया कि उन्हें बटालियन से फोन आया कि भाई को गोली लग गई है, जिसके बाद वे चतरा पहुंचे। उन्होंने कहा कि मंगलवार शाम को अपने भाई से बात हुई थी, जिसमें किसी प्रकार की चिंता या तनाव का उल्लेख नहीं था।
उन्होंने आगे बताया कि प्रह्लाद सिंह एक महीने पहले ही छुट्टी से वापस ड्यूटी पर लौटे थे। घटना के दिन शाम करीब ५ बजे उनकी आखिरी बार बात हुई थी, जिसमें उन्होंने बताया था कि वे क्रिकेट खेलने जा रहे हैं और इसके बाद प्रार्थना सभा में शामिल होंगे।
परिजनों के अनुसार, प्रह्लाद सिंह की नौकरी वर्ष २०१७ में लगी थी और २०१८ में उनकी शादी हुई थी। उनके पीछे एक छोटी बच्ची भी है।
फिलहाल, पुलिस और विभाग की ओर से आपसी मतभेद या मानसिक तनाव जैसे हर पहलू की जांच की जा रही है।