9 अगस्त 2026
LIVE
Get it on Google Play Download on the App Store

उत्तर प्रदेश के अंधेरे से उजाले की ओर: मुख्यमंत्री योगी का जापान में प्रेरणादायक संबोधन

शेयर करें:
ऑडियो वॉइस लोड हो रही है…
उत्तर प्रदेश के अंधेरे से उजाले की ओर: मुख्यमंत्री योगी का जापान में प्रेरणादायक संबोधन

सारांश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के विकास की कहानी साझा की। उन्होंने कहा कि अंधेरे से उजाले की ओर बढ़ते हुए, प्रदेश अब निवेश और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

मुख्य बातें

कानून-व्यवस्था में सुधार निवेश के नए अवसर सांस्कृतिक पुनर्जागरण बिजली की उपलब्धता उत्सवों का आयोजन

टोक्यो, २५ फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले यूपी में सड़कें नहीं थीं, बिजली नहीं आती थी क्योंकि अंधेरे में काम करने वालों को उजाला पसंद नहीं था। जब किसी की प्रवृत्ति डकैती की हो, तो वह प्रदेश को भी अंधेरे में रखता है, लेकिन हमने यह निर्णय लिया है कि उत्तर प्रदेश को भय और भ्रष्टाचार से मुक्त करना है और इसे उजाले में लाना होगा। हम सूर्यपुत्र हैं, हमें सूर्य जैसी रोशनी चाहिए।

जापान में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी ने उत्तर प्रदेश के “अंधेरे से उजाले” तक के परिवर्तन की कथा प्रस्तुत की। उन्होंने राज्य में कानून-व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और निवेश के नए अवसरों का उल्लेख किया। आज यूपी दंगों या कर्फ्यू की खबरों से आगे बढ़कर दीपोत्सव, महाकुंभ और वैश्विक निवेश की पहचान बन चुका है, और यही परिवर्तन भारत को विकसित राष्ट्र की दिशा में आगे बढ़ा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले कनेक्टिविटी का संकट था, सड़कें नहीं थीं, बिजली नहीं आती थी। लोग कहते थे कि बिजली गायब रहती थी। दरअसल, पहले की सरकारें अंधेरे में रहने की आदी थीं, क्योंकि उनके सारे कार्य अंधेरे में ही होते थे। क्या उजाले में डकैती हो सकती है? जब प्रवृत्ति डकैती डालने की थी, तो वह अंधेरे में ही हो सकती थी, इसलिए बिजली नहीं दी जाती थी। वे अपने कर्तव्यों का पालन नहीं करते थे। हम चाहते थे कि प्रदेश डकैती और भय से मुक्त हो। इसके लिए उजाला चाहिए। इसलिए हमने बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित की। आज यह परिवर्तन उत्तर प्रदेश में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि भारत प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। विकसित भारत का संकल्प साकार होते हुए दिखाई दे रहा है। उत्तर प्रदेश, जो २५ करोड़ की आबादी वाला राज्य है, अब विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। पहले कर्फ्यू, दंगा और अंधेरा ही समाचारों में होता था। आज उत्सवों की खबरें आती हैं। अयोध्या में दीपोत्सव, काशी में देव दीपावली, मथुरा-वृंदावन में रंगोत्सव, ये सब सकारात्मक परिवर्तन के प्रतीक हैं। हमने कानून-व्यवस्था में सुधार किया, कनेक्टिविटी को बेहतर बनाया, और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की। आज निवेशक उत्तर प्रदेश में सेमीकंडक्टर, डेटा सेंटर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, ग्रीन हाइड्रोजन, लॉजिस्टिक्स पार्क और अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट जैसे क्षेत्रों में निवेश कर रहे हैं, जो पहले कभी सोचा भी नहीं जा सकता था।

मुख्यमंत्री ने भारतीय समुदाय को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि महाकुंभ और अयोध्या का भव्य राम मंदिर हमारी क्षमता का उदाहरण है। काशी विश्वनाथ धाम का पुनर्विकास आधुनिकता और परंपरा का सुंदर संगम है। भारत की शक्ति विश्व को मैत्री और करुणा के रास्ते पर ले जाने की है, न कि किसी पर प्रभुत्व स्थापित करने की। “जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी” हमारी प्रेरणा है। विश्व में जहां भी भारतीय मूल के लोग संकट में होते हैं, भारत उनके साथ खड़ा रहता है। हमें भी अपने देश और विश्व के कल्याण के लिए योगदान देना चाहिए। आज जापान में लगभग ५५ हजार भारतीय समुदाय के सदस्य निवास करते हैं। आप सब एकजुट होकर जापान और भारत दोनों के विकास में योगदान दें। हमारी दिशा सही है, हमें अपनी गति और बढ़ानी है। आपके सकारात्मक सहयोग की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हम जापान में हैं। जापान को उगते सूरज की धरती कहा जाता है। सूर्य की पहली किरण यहां पड़ती है। वहीं भारत सूर्यपुत्र की भूमि है। भगवान श्रीराम सूर्यवंशी परंपरा में अवतरित हुए। महात्मा बुद्ध ने उसी परंपरा को आगे बढ़ाया। भगवान विष्णु के विभिन्न अवतारों ने समय-समय पर मानवता को दिशा दी है। रामराज्य की अवधारणा हमारी सनातन परंपरा में धर्म को केवल उपासना तक सीमित नहीं रखती, बल्कि इसे कर्तव्य से जोड़ती है। इसे ‘वे ऑफ लाइफ’ के रूप में स्वीकार किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि २४ जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस मनाया जाता है। प्रधानमंत्री मोदी जी की प्रेरणा से सभी राज्यों ने अपने स्थापना दिवस को मनाने का निर्णय लिया। आश्चर्य की बात है कि २०१७ से पहले अयोध्या में दीपावली का कोई विशेष आयोजन नहीं होता था। हमने दीपोत्सव प्रारंभ किया। पहले वर्ष अयोध्या के आसपास ५१,००० दीपक भी उपलब्ध नहीं थे, जो पूरे राज्य से मंगवाने पड़े। आज २५ से ३० लाख दीपक एक साथ प्रज्ज्वलित होते हैं। गत वर्ष प्रयागराज महाकुंभ में ६६ करोड़ से अधिक श्रद्धालु आए। यह विश्व की अद्वितीय घटना थी। एक साल में १५६ करोड़ से अधिक पर्यटक उत्तर प्रदेश आए। विरासत पर गर्व ही समाज को आगे बढ़ाता है।

कार्यक्रम की शुरुआत सांस्कृतिक आयोजन के साथ हुई, जहां बेटियों की प्रस्तुति ने सीएम योगी का दिल जीत लिया। उन्होंने कहा कि भारत से हजारों किलोमीटर दूर रहकर जिस प्रकार इन बेटियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वह अत्यंत सराहनीय है। काशी की सांस्कृतिक व शास्त्रीय संगीत विधा, उत्तराखंड की जागर परंपरा में नंदा देवी की गाथा की तेजस्वी प्रस्तुति और अंत में अयोध्या में श्री राममंदिर निर्माण की भावना से ओतप्रोत प्रस्तुति, ये सभी अद्भुत थे।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के बाद इन बेटियों के साथ फोटो शूट भी कराया। इस दौरान पूरा प्रांगण ‘योगी-योगी’ के जयकारों से गूंज उठा।

संपादकीय दृष्टिकोण

इंफ्रास्ट्रक्चर और सांस्कृतिक कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी है। यह एक सकारात्मक बदलाव की ओर संकेत करता है, जो न केवल राज्य के लिए बल्कि पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण है।
RashtraPress
9 अगस्त 2026

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जापान में क्या कहा?
उन्होंने उत्तर प्रदेश के विकास के बारे में बात की, जिसमें कानून-व्यवस्था और निवेश के नए अवसर शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश में कौन-कौन से प्रमुख बदलाव हुए हैं?
कानून-व्यवस्था में सुधार, बेहतर कनेक्टिविटी, और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की गई है।
मुख्यमंत्री ने किस पर्व की शुभकामनाएं दी?
उन्होंने होली की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री का क्या संदेश था?
उन्होंने भारत और जापान के विकास में योगदान देने की अपील की।
अयोध्या में दीपोत्सव का महत्व क्या है?
यह प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और विकास का प्रतीक है।
राष्ट्र प्रेस
सिलसिला

जुड़े बिंदु

इस ख़बर के पीछे की कड़ियाँ — सबसे नई पहले।

8 बिंदु
  1. नवीनतम 4 महीने पहले
  2. 4 महीने पहले
  3. 5 महीने पहले
  4. 6 महीने पहले
  5. 6 महीने पहले
  6. 7 महीने पहले
  7. 7 महीने पहले
  8. 9 महीने पहले