डकैती और हत्या का आरोपी राजा साहनी ऋषिकेश में पुलिस द्वारा गिरफ्तार
सारांश
Key Takeaways
- राजा साहनी को डकैती और हत्या के मामलों में गिरफ्तार किया गया।
- वह 2025 में कटक जेल से फरार हुआ था।
- पुलिस ने तकनीकी निगरानी से उसे पकड़ा।
- उसे पहले भी गंभीर मामलों में गिरफ्तार किया गया था।
- इस घटना ने कानून व्यवस्था को चुनौती दी है।
ऋषिकेश, 2 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। ओडिशा में डकैती, हत्या और जेल ब्रेक जैसे गंभीर मामलों में फरार चल रहे एक लाख रुपये के इनामी अपराधी को आखिरकार पुलिस ने पकड़ लिया। वह लंबे समय से कानून की पकड़ से बाहर था और लगातार स्थान बदलते हुए फरारी काट रहा था।
सीओ ऋषिकेश नीरज सेमवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ कटक जिले के थाना चौदवार में डकैती और हत्या के गंभीर मामले दर्ज हैं। उसे पहले गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, लेकिन 2 अक्टूबर 2025 को वह कटक की जिला कारागार से न्यायिक अभिरक्षा के दौरान फरार हो गया था। इसके बाद पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था और उसकी खोज में लगातार दबिश दी जा रही थी।
आरोपी की पहचान राजा साहनी (34) निवासी लोदिया नगर, थाना मीरगंज, जिला बेगूसराय (बिहार) के रूप में हुई है।
प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट के अनुसार, ओडिशा पुलिस को आरोपी की लोकेशन ऋषिकेश में मिली थी। सूचना के आधार पर स्थानीय कोतवाली पुलिस को सजग किया गया। बताया गया कि आरोपी त्रिवेणी घाट क्षेत्र में एक कार में देखा गया है। इसके बाद ओडिशा पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्विलांस के जरिए उसका पीछा शुरू किया और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि राजा साहनी को पहले पाणीकोइली स्थित पंडा ज्वेलरी शॉप में डकैती और फायरिंग के मामले में गिरफ्तार किया गया था। इस वारदात में दो लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए उसे और उसके साथी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।
जेल से फरारी की घटना भी बेहद फिल्मी अंदाज में अंजाम दी गई थी। 2 अक्टूबर 2025 को दशहरा के दौरान जब जेल कर्मचारी और अन्य कैदी उत्सव में व्यस्त थे, तभी आरोपी ने मौका देखकर अन्य कैदी के साथ मिलकर बैरक की लोहे की छड़ों को काटा और कंबल को रस्सी की तरह इस्तेमाल कर जेल की दीवार से कूदकर फरार हो गया।
वह पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था, लेकिन अंततः पुलिस ने तकनीकी निगरानी और सटीक सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर अन्य मामलों की जानकारी जुटाने में लगी है।