दिल्ली में साले पर जानलेवा हमला करने वाला भगोड़ा अपराधी 2 साल बाद पुलिस के जाल में
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 7 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गंभीर आपराधिक मामलों में शामिल भगोड़ा अपराधियों को पकड़ने के लिए निरंतर प्रयास जारी रखे हैं। इसी संदर्भ में, एनआर-आई टीम ने शाहबाद डेयरी थाने में दर्ज हत्या के प्रयास के मामले में एक घोषित अपराधी की गिरफ्तारी की है। आरोपी पिछले 2 साल से पुलिस की पकड़ से बाहर था।
डीसीपी क्राइम ब्रांच-4 पंकज कुमार के अनुसार, 6 मार्च 2026 को इंस्पेक्टर अजय गहलावत के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की एनआर-आई की विशेष टीम ने एएसआई प्रेमवीर से प्राप्त सूचना के आधार पर अनवर हुसैन निवासी गुरुग्राम को गिरफ्तार किया है। अनवर 17 नवंबर 2023 को शाहबाद डेयरी थाने में मामला दर्ज होने के बाद से फरार हो गया था।
पुलिस जांच में यह सामने आया कि 16 नवंबर, 2023 को अनवर हुसैन ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने साले अबेदुर रहमान उर्फ अब्दुल रहमान पर अत्यंत क्रूरता से हमला किया था।
पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद अनवर और उसके सह-आरोपी लगातार कानूनी कार्रवाई से बचते रहे। 17 फरवरी 2025 को दिल्ली की रोहिणी अदालत ने उसे भगोड़ा घोषित किया था।
हालांकि, लगातार प्रयासों और प्रभावी फील्ड वर्क के माध्यम से एनआर-आई टीम ने इस भगोड़े अपराधी को ट्रैक कर पकड़ने में सफलता प्राप्त की है, जो इस मामले में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
दिल्ली-एनसीआर में नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए, दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की डब्ल्यूआर-।। यूनिट ने 5 मार्च को कृष्ण राठौर काना को गिरफ्तार किया था। विशेष न्यायाधीश (एनडीपीएस) दक्षिण-पश्चिम जिला द्वारका की कोर्ट ने 20 फरवरी 2026 को उसे भगोड़ा घोषित किया था।
आरोपी को बरामद गांजे की सप्लाई के मामले में चिह्नित किया गया था। डब्ल्यूआर-।। यूनिट के एसआई कुलदीप सिंह ने सूचना के आधार पर उत्तम नगर में घेराबंदी कर आरोपी को ओम विहार फेज-1, उत्तम नगर के पास से पकड़ लिया।