दिल्ली में फ्लैट की धोखाधड़ी: पति-पत्नी ने एक ही संपत्ति को कई बार बेचा
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 27 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। दिल्ली की द्वारका साउथ पुलिस ने एक बड़े प्रॉपर्टी फ्रॉड का पर्दाफाश करते हुए एक दंपति को ग्रेटर नोएडा से गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने एक ही फ्लैट को कई लोगों को बेचकर करोड़ों रुपये की ठगी की।
दिल्ली पुलिस ने जानकारी दी कि वर्ष 2024 में द्वारका साउथ थाने में धोखाधड़ी के दो मामले दर्ज किए गए थे। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि एक महिला ने अपने फ्लैट को बेचने के लिए उनसे एग्रीमेंट टू सेल किया और अग्रिम राशि लेने के बाद न तो फ्लैट की रजिस्ट्री कराई और न ही पैसा लौटाया। इस मामले में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत केस दर्ज कर लिया गया और जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए इंस्पेक्टर राजेश कुमार साह और एसीपी द्वारका किशोर कुमार रेवाला की देखरेख में एक विशेष टीम बनाई गई। इस टीम में एसआई नवीन यादव, एएसआई महावीर, हेड कांस्टेबल प्रवीण यादव, हेड कांस्टेबल भूषण और महिला कांस्टेबल रूपाली देव शामिल थे। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर की सूचना के आधार पर टीम ने आरोपियों का सुराग लगाकर ग्रेटर नोएडा में छापा मारकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेश कुमार सिकरी (57) और उसकी पत्नी शारदा सिकरी (55) के रूप में हुई है। शारदा सिकरी को 24 सितंबर 2025 को द्वारका कोर्ट द्वारा अपराधी घोषित किया गया था और उसकी अग्रिम जमानत याचिका भी खारिज हो चुकी थी।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपना फ्लैट बैंक में गिरवी रखा था। जब उन्हें बैंक से सेटलमेंट के लिए पैसे की आवश्यकता हुई, तब उन्होंने एक ही संपत्ति को कई लोगों को बेचने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने 2 से 2.5 करोड़ रुपये तक की ठगी की। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने इससे पहले भी कई लोगों को प्रॉपर्टी बेची थी, जिनकी पहचान की जा रही है। साथ ही, इन्होंने जो पैसे लिए थे, उन्हें रिकवर करने का प्रयास किया जा रहा है। पूछताछ में कई और खुलासे हो सकते हैं। इन दोनों की काफी दिनों से तलाश चल रही थी।