सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा: एचपीवी टीका है पूर्णतः सुरक्षित, बच्चियों को लगवाना अनिवार्य: डॉ. रूबी नाज भट्टी
सारांश
मुख्य बातें
पुंछ, 27 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 फरवरी को अजमेर और राजस्थान से महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करने के लिए राष्ट्रीय एचपीवी टीकाकरण अभियान का उद्घाटन करने वाले हैं। इस दिशा में जम्मू-कश्मीर के पुंछ में राजा सुखदेव सिंह जिला अस्पताल में डिप्टी सीएमओ डॉ. रूबी नाज भट्टी के मार्गदर्शन में सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इस अभियान के बारे में डॉ. रूबी नाज भट्टी ने राष्ट्र प्रेस से बात करते हुए कहा कि हम प्रधानमंत्री मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हैं जिन्होंने हमारी बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए इस महत्वपूर्ण टीकाकरण अभियान की शुरुआत करने का निर्णय लिया है।
उन्होंने जानकारी दी कि यह वैक्सीन हमारी बेटियों और बच्चियों के लिए नि:शुल्क उपलब्ध होगी, जबकि पहले यह केवल निजी क्षेत्र में ही मिलती थी। मैंने अपनी दो बेटियों को इसके लिए हजारों रुपए खर्च कर दो-दो डोज लगवाए हैं। अब यह पूरे देश में 14-15 वर्ष की बच्चियों को मुफ्त में लगाई जाएगी।
लोगों से अपील करते हुए डॉ. रूबी नाज भट्टी ने कहा कि सभी को अपनी 14-15 वर्ष की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए इस टीके का लाभ उठाना चाहिए, क्योंकि भारत में ब्रेस्ट कैंसर के बाद सर्वाइकल कैंसर से सबसे अधिक मौतें हो रही हैं। यह एचपीवी टीका पूरी तरह से सुरक्षित है। उन्होंने लोगों से अपवाहों पर ध्यान न देने की भी अपील की।
डॉ. भट्टी ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर अब एक सामान्य समस्या बन चुकी है और यह भारत में महिलाओं की मौत का दूसरा सबसे बड़ा कारण बन गया है। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से कहा कि इस वैक्सीन से डरें नहीं, बल्कि इसे अपनी बच्चियों की सुरक्षा के लिए अवश्य लगवाएं।
उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर कई भ्रामक वीडियो साझा किए जा रहे हैं। मैं स्वयं दो बच्चियों की मां हूं और उन्हें यह टीका लगवा चुकी हूं। ऐसे वीडियो पर विश्वास न करें। यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। आप हमारे डॉक्टरों से बात कर सकते हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री द्वारा एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत के साथ ही देश के अन्य स्थानों के साथ पुंछ में भी टीकाकरण का कार्यक्रम शुरू किया जाएगा।