कर्नाटक हाईकोर्ट में सिविल जज बनने का सुनहरा मौका, 15 मई तक करें आवेदन
सारांश
Key Takeaways
- कर्नाटक हाईकोर्ट में 90 सिविल जज पदों के लिए भर्ती।
- आवेदन की प्रक्रिया 16 अप्रैल से शुरू, अंतिम तिथि 15 मई।
- आवश्यकता: विधि में डिग्री और 3 वर्ष का अनुभव।
- अधिकतम आयु 40 वर्ष और आरक्षित वर्ग के लिए छूट।
- सैलरी 77,840 से 1,36,520 रुपए प्रति माह।
बेंगलुरु, 17 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। कर्नाटक हाईकोर्ट ने सिविल जज के लिए कुल 90 पदों पर भर्ती हेतु एक अधिसूचना जारी की है। इन 90 पदों में से 15 नए और 75 पहले से लंबित हैं। वर्गवार पदों का विवरण इस प्रकार है: सामान्य के लिए 18, अनुसूचित जाति के 3, अनुसूचित जनजाति के 2, श्रेणी - I के 18, श्रेणी - II(ए) के 24, श्रेणी - II(बी) के 11, श्रेणी - III(ए) के 9 और श्रेणी - III(बी) के 5 पद हैं।
आवेदन प्रक्रिया 16 अप्रैल से ऑनलाइन शुरू हो चुकी है और अंतिम तिथि 15 मई है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार अप्लाई करने के लिए कर्नाटक हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वालों के लिए यह आवश्यक है कि वे किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से विधि में डिग्री प्राप्त किए हों और साथ ही 3 वर्ष का अनुभव अधिवक्ता/लोक अभियोजक/सहायक लोक अभियोजक/सरकारी वकील के रूप में रखते हों।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसका निर्धारण 29 जनवरी के अनुसार होगा। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को निर्धारित अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य उम्मीदवारों का चयन प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य लिखित परीक्षा, मौखिक परीक्षा, कंप्यूटर टेस्ट और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा। सफल उम्मीदवारों को 77,840 से 1,36,520 रुपए प्रति माह वेतन मिलेगा।
आवेदन करते समय उम्मीदवारों को वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन करना होगा। सामान्य और श्रेणी II(ए)/II(बी)/III(ए)/III(बी) के लिए प्रारंभिक परीक्षा हेतु शुल्क 1,000 रुपए और मुख्य परीक्षा हेतु 1,500 रुपए है। वहीं, एससी/एसटी/श्रेणी-I/पीडब्ल्यूबीडी के लिए प्रारंभिक परीक्षा में 500 रुपए और मुख्य परीक्षा में 7,500 रुपए का शुल्क है।
ऑनलाइन आवेदन हेतु उम्मीदवार को सबसे पहले कर्नाटक हाईकोर्ट की वेबसाइट पर जाना होगा। होमपेज पर संबंधित पद के लिए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। फिर रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। सभी आवश्यक जानकारी भरें और मांगे गए दस्तावेज अपलोड करें। उसके बाद आवेदन शुल्क का भुगतान कर फॉर्म सबमिट कर दें। अंत में, आवेदन पत्र का प्रिंट आउट सुरक्षित रखें।
भर्ती से संबंधित अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार कर्नाटक हाईकोर्ट द्वारा जारी नोटिफिकेशन देख सकते हैं।