कटक अस्पताल में आग से १० लोगों की मौत, खड़गे और राहुल गांधी ने जताया गहरा दुःख
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली/कटक, १६ मार्च (राष्ट्र प्रेस)। ओडिशा के कटक में एक अस्पताल में आग लगने से कम से कम १० लोगों की जान चली गई है। इस दुखद घटना पर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शोक व्यक्त किया है।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "ओडिशा के कटक स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के ट्रॉमा केयर आईसीयू में लगी भीषण आग की घटना से मैं अत्यंत दुखी हूं। इस घटना में कम से कम १० मरीजों की जान चली गई है और कई अन्य घायल हुए हैं।"
उन्होंने आगे लिखा, "इस दुख की घड़ी में मैं पीड़ित परिवारों को अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। मैं कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं से अपील करता हूं कि वे प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करें।"
राहुल गांधी ने भी कटक की इस घटना पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने लिखा, "ओडिशा के कटक में एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में आग लगने की घटना में कई लोगों की मृत्यु की सूचना अत्यंत पीड़ादायक है। मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की आशा करता हूं।"
कटक में एससीबी मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा केयर आईसीयू में रात करीब २:३० बजे आग लगी थी। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी के अनुसार, आग पहले ट्रॉमा केयर सेंटर में लगी, जिससे ट्रॉमा आईसीयू, उससे सटे आईसीयू और पहली मंजिल पर स्थित वार्ड प्रभावित हुए। यहां २३ मरीजों का इलाज चल रहा था। आग लगने से ७ मरीजों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अस्पताल में शिफ्ट करने के बाद ३ और मरीजों की मृत्यु हो गई।
इस घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त करते हुए सहायता राशि की घोषणा की। पीएमओ के अनुसार, प्रधानमंत्री ने कहा कि पीएमएनआरएफ (प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को २ लाख रुपए की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। घायलों को ५०,००० रुपए दिए जाएंगे।