एमपी बोर्ड: 12वीं कॉमर्स स्ट्रीम में खुशी राय बनीं टॉपर, सीए बनने का रखा लक्ष्य
सारांश
मुख्य बातें
भोपाल, 15 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (एमपीबीएसई) ने बुधवार को सुबह 11 बजे कक्षा 10वीं और 12वीं के परिणाम जारी किए। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक समारोह में स्कूली शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह और माध्यमिक शिक्षा मंडल के अधिकारियों की उपस्थिति में हायर सेकेंडरी और हाईस्कूल परीक्षा के नतीजे घोषित किए।
इस वर्ष एमपी बोर्ड 12वीं में 76.01% और 10वीं में 73.42% छात्र पास हुए हैं। छात्राओं ने छात्रों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। छात्राएं 79.41% के साथ छात्रों के 72.39% से आगे रहीं। इस वर्ष सरकारी विद्यालयों के परिणाम निजी विद्यालयों की तुलना में बेहतर रहे हैं। सरकारी विद्यालयों का कुल परीक्षाफल 80.43 प्रतिशत रहा जबकि निजी विद्यालयों का 69.67 प्रतिशत रहा।
एमपीबीएसई की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों में खुशी राय का नाम शामिल है, जो कॉमर्स स्ट्रीम से मध्य प्रदेश की 12वीं कक्षा की टॉपर बनी हैं। परिणाम के बाद खुशी ने समाचार एजेंसी राष्ट्र प्रेस से बातचीत करते हुए कहा, "मैं अपने इस प्रदर्शन से बहुत खुश हूं। मुझे इस सफलता से बहुत प्रेरणा मिली है क्योंकि मुझे अपनी मेहनत का फल मिला है।"
उन्होंने आगे अपने लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा, "मैं चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बनना चाहती हूं।" खुशी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है, जिन्होंने हर कदम पर उनका समर्थन किया। उन्होंने अपने जूनियर्स को सलाह दी कि कई बार हम बहुत मेहनत करते हैं लेकिन परिणाम उस अनुसार नहीं आता है। ऐसे में निराश नहीं होना चाहिए और अपने मनोबल को बनाए रखते हुए लक्ष्य की प्राप्ति के लिए प्रयासरत रहना चाहिए।
पीएम मोदी के 'परीक्षा पे चर्चा' कार्यक्रम के बारे में बात करते हुए उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बहुत मददगार साबित हुआ है। इससे उन्हें काफी प्रेरणा मिली।
ज्ञात रहे, इस साल मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल के परिणाम पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर हैं। बैच 2025 में नियमित छात्रों का पास प्रतिशत 74.48% था, जो 2026 में बढ़कर 76.01% हो गया है। छात्र अपना रिजल्ट एमपीबीएसई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रोल नंबर के माध्यम से देख सकते हैं।