क्या 'गठबंधन अभी जिंदा है' ? राजद को लेकर कांग्रेस सांसद तारिक अनवर का क्या कहना है ?
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 31 दिसंबर (राष्ट्र प्रेस)। बिहार विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) को लेकर कांग्रेस पार्टी के नेताओं के विचार एक-दूसरे से मेल नहीं खा रहे हैं।
कांग्रेस नेता शकील अहमद ने जहां राजद को कांग्रेस के लिए एक बोझ बताते हुए आगे बढ़ने की सलाह दी, वहीं कांग्रेस सांसद तारिक अनवर उनके बयान से सहमत नहीं हैं। तारिक अनवर का मानना है कि गठबंधन राजद के साथ बना रहेगा।
नई दिल्ली में राष्ट्र प्रेस से बातचीत में जब कांग्रेस सांसद तारिक अनवर से शकील अहमद के बयान पर प्रतिक्रिया मांगी गई, तो उन्होंने कहा कि हमारा राजद के साथ रिश्ता और गठबंधन है, क्योंकि यह इंडिया ब्लॉक का हिस्सा है। जब तक यह इंडिया ब्लॉक का हिस्सा रहेगा, तब तक यह हमारे गठबंधन का भी हिस्सा रहेगा। उनकी अपनी व्यक्तिगत राय हो सकती है।
उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति विशेष के जरिए गठबंधन नहीं होता। यह निर्णय दिल्ली से शीर्ष नेतृत्व द्वारा किया जाता है।
राजद के बारे में शकील अहमद ने कहा था कि कांग्रेस को राजद से कोई लाभ नहीं होने वाला है। कांग्रेस को आगे बढ़ जाना चाहिए।
गाजियाबाद में हिंदू संगठनों के सदस्यों द्वारा तलवारें और कुल्हाड़ियां बांटने के मामले पर कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने कहा कि ऐसी गतिविधियों पर सख्ती से रोक लगाने की आवश्यकता है। हमें यह सोचना चाहिए कि हम किस दिशा में जा रहे हैं। यदि इस तरह के हथियार बांटे जाते रहे और नफरत व दुश्मनी को बढ़ावा दिया गया, तो इससे भविष्य में हमारे देश को अवश्य नुकसान होगा।
उन्होंने कहा कि हमारी एकता और अखंडता को नुकसान होगा।
भाजपा द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के अयोध्या में राम मंदिर न जाने पर आलोचना करने पर कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने कहा कि आस्था हर व्यक्ति का व्यक्तिगत मामला है। इसे किसी पर ज़बरदस्ती नहीं थोपा जा सकता।