मालदा मंडल: आरपीएफ ने अवैध शराब, चोरी के मोबाइल और पिस्तौल के साथ कई आरोपियों को किया गिरफ्तार
सारांश
मुख्य बातें
मालदा, 19 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। यात्रियों की सुरक्षित और सहज यात्रा सुनिश्चित करने तथा रेलवे संपत्ति की सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए पूर्व रेलवे के अंतर्गत मालदा मंडल की रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने 17 और 18 अप्रैल को जंगीपुर रोड, भागलपुर, साहिबगंज और बड़हरवा जैसे प्रमुख स्थलों पर एक विशेष अभियान चलाया। इस दौरान अवैध शराब, चोरी के मोबाइल और अवैध हथियार के साथ कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत, 17 अप्रैल को जंगीपुर रेलवे स्टेशन पर जांच के दौरान आरपीएफ ने प्लेटफॉर्म संख्या 1 पर एक नाबालिग बच्चा संदिग्ध अवस्था में अकेले देखा। पूछताछ में पता चला कि 14 वर्षीय बालक बिना परिजनों को सूचित किए यात्रा कर रहा था। आवश्यक औपचारिकताओं और चिकित्सीय परीक्षण के बाद उसे सुरक्षित रूप से जिला बाल संरक्षण इकाई और चाइल्ड हेल्पलाइन को पुनर्वास के लिए सौंपा गया।
ऑपरेशन अमानत के अंतर्गत, 17 अप्रैल को साहिबगंज रेलवे स्टेशन पर एक खोया हुआ मोबाइल फोन साइबर सेल आरपीएफ की सहायता से उसके मालिक को वापस किया गया। 18 अप्रैल को जंगीपुर रोड रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 13115 अप हमसफर एक्सप्रेस से एक लावारिस बैग बरामद हुआ, जिसमें व्यक्तिगत सामान, दस्तावेज और नकदी थी। सत्यापन के बाद बैग को उसके मालिक को लौटाया गया।
अपराध-विरोधी अभियान के तहत भागलपुर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में अवैध गतिविधियों के खिलाफ सघन अभियान चलाया गया। 17 अप्रैल को ट्रेन संख्या 13235 साहिबगंज–दानापुर इंटरसिटी एक्सप्रेस की जांच के दौरान एक व्यक्ति को देशी पिस्तौल और छह खाली कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया। 18 अप्रैल को भागलपुर रेलवे स्टेशन पर जांच के दौरान एक व्यक्ति से 75 बोतल अवैध शराब बरामद की गई, जिसकी कुल मात्रा 37.500 लीटर और अनुमानित मूल्य 23,150 रुपये था। जब्त शराब को आगे की विधिक कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग को सौंपा गया।
इसी क्रम में, आरपीएफ पोस्ट बड़हरवा द्वारा 18 अप्रैल को तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन पर गश्ती के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या 1 के निकट एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। उसकी तलाशी में तीन चोरी के मोबाइल फोन और एक व्यक्तिगत मोबाइल फोन बरामद किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में उसने साहिबगंज–बड़हरवा रेलखंड के बीच यात्रियों से मोबाइल चोरी करने और उन्हें तीनपहाड़ स्टेशन पर बेचने की योजना स्वीकार की। बरामद मोबाइलों में एक सैमसंग एंड्रॉयड और दो एप्पल आईफोन शामिल थे, जिनका कुल अनुमानित मूल्य 2 लाख 25 हजार 999 रुपये है। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के बाद जीआरपी बड़हरवा को सौंपा गया।