मऊ जिले में स्वास्थ्य सेवाओं का नया अध्याय: जिला अस्पताल में अत्याधुनिक उपकरणों की स्थापना
सारांश
Key Takeaways
- स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार मऊ जिले में हो रहा है।
- 62.10 लाख रुपए की लागत से आधुनिक उपकरण स्थापित किए जाएंगे।
- स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध होंगी।
- जटिल ऑपरेशन के लिए बड़े शहरों पर निर्भरता कम होगी।
- समय और धन की बचत होगी।
लखनऊ, 5 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा के समर्पित प्रयासों के परिणामस्वरूप मऊ जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में एक नई क्रांति आने वाली है। एनटीपीसी लिमिटेड के सहयोग से 62.10 लाख रुपए की लागत से जिला अस्पताल में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा, ताकि स्थानीय लोगों को सस्ती, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण इलाज प्राप्त हो सके।
मंत्री एके शर्मा के लगातार प्रयासों से जनपद मऊ में स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। उनके विशेष प्रयासों से एनटीपीसी लिमिटेड द्वारा जिला अस्पताल में 62.10 लाख रुपए के निवेश से अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरण स्थापित किए जाएंगे, जिससे जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
इस पहल के तहत अस्पताल में इको मशीन, सी-आर्म मशीन, लेप्रोस्कोपी उपकरण और वेंटिलेटर जैसी कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इन उपकरणों के माध्यम से मरीजों को जटिल ऑपरेशन और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिलने से समय और धन दोनों की बचत होगी और मरीजों को त्वरित राहत मिल सकेगी।
मंत्री एके शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि हर नागरिक को गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उनके निकट ही उपलब्ध हों। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मऊ में स्वास्थ्य सुविधाओं का यह विस्तार एक मील का पत्थर साबित होगा और आम जनता को इसका सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने आगे कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की समन्वित कार्यशैली के कारण ही ऐसी जनकल्याणकारी योजनाएं धरातल पर उतर रही हैं। एनटीपीसी लिमिटेड द्वारा प्रदान किया गया सहयोग सामाजिक दायित्व का एक उत्कृष्ट उदाहरण है, जिससे क्षेत्र के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूती मिलेगी।
मंत्री शर्मा ने इस पहल के लिए पीएम मोदी, मुख्यमंत्री योगी और एनटीपीसी प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शीर्ष नेतृत्व के मार्गदर्शन और सहयोग से ही ऐसे विकास कार्य संभव हो पा रहे हैं, जो सीधे तौर पर जनता के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में सहायक हैं।