क्या मौलाना महमूद मदनी का बयान सही है? मनोज तिवारी का जवाब- 'मुसलमानों के लिए भारत दुनिया का सबसे सुरक्षित देश'
सारांश
Key Takeaways
नई दिल्ली, 29 नवंबर (राष्ट्र प्रेस)। जमीयत उलेमा-ए-हिंद के नेता मौलाना महमूद मदनी के बयान ने एक नई बहस को जन्म दिया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद मनोज तिवारी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विशेष रूप से मुसलमानों के लिए भारत दुनिया का सबसे सुरक्षित देश है।
मौलाना महमूद मदनी ने अपने वक्तव्य में देश की वर्तमान परिस्थितियों को बेहद गंभीर और चिंताजनक बताया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ विशेष समुदाय को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है। महमूद मदनी ने यह भी कहा कि जब-जब जुल्म होगा, तब-तब जिहाद होगा।
इस पर पलटवार करते हुए भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा, "ऐसे बयान देने वालों को अपराधियों की श्रेणी में रखा जाना चाहिए।" उन्होंने कहा कि भारत वास्तव में दुनिया का सबसे सुरक्षित देश है। कुछ लोग हैं, जो जिस थाली में खाते हैं, उसी में छेद करते हैं। ऐसे बयान देने वाले लोग अपने ही समुदाय की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं।
महमूद मदनी के बयान पर विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "ये सभी बयान भारत के राष्ट्र, धर्म, संस्कृति, न्याय व्यवस्था, शासन और प्रशासन के लिए एक गंभीर चुनौती हैं। वे अपने ही मुस्लिम समुदाय के युवाओं और कट्टर मुस्लिम कट्टरपंथियों को जिहाद के नाम पर भड़का रहे हैं।"
विनोद बंसल ने कहा, "महमूद मदनी को बताना चाहिए कि दिल्ली ब्लास्ट में शामिल डॉक्टर उमर पर कौन-सा अन्याय हुआ। जितने भी आतंकवादी भारत और भारत के बाहर पकड़े गए हैं, क्या उन सभी के साथ जुर्म हुआ? महमूद मदनी सीधे कहें कि वे आतंकवादियों के साथ खड़े हैं।"
उन्होंने मांग उठाई कि महमूद मदनी के खिलाफ शासन-प्रशासन को कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। इसके साथ ही, वीएचपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने मुस्लिम समुदाय के लोगों से अपील की कि वे ऐसे कट्टरपंथी मौलानाओं से दूरी बनाएं, क्योंकि यही एक दिन उन्हें आरडीएक्स बांधकर ब्लास्ट करने के लिए मजबूर कर देंगे।
वहीं, अयोध्या स्थित हनुमान गढ़ी मंदिर के महंत राजू दास ने मौलाना महमूद मदनी के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने महमूद मदनी की सोच को गलत बताया और कहा कि ऐसे लोग चाहते हैं कि भारत एक इस्लामिक देश बने।