क्या एनडीए का बिहार बंद पूरी तरह से 'सुपर फ्लॉप' रहा? तेजस्वी यादव का बयान
सारांश
मुख्य बातें
पटना, 4 सितंबर (राष्ट्र प्रेस)। बिहार के दरभंगा में कांग्रेस और राजद के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में एनडीए संयुक्त महिला मोर्चा द्वारा आयोजित पांच घंटे का बिहार बंद राजद ने पूर्ण रूप से असफल बताया है।
बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा एनडीए का यह बंद बिल्कुल भी सफल नहीं रहा। पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि इस बंद को आम जनता का एक प्रतिशत भी समर्थन नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि एनडीए कार्यकर्ताओं ने बंद के दौरान सड़कों पर गुंडागर्दी की, और महिलाओं और शिक्षकों के साथ बदतमीजी की। बंद के दौरान एम्बुलेंसों को रोका गया और आम नागरिकों को परेशान किया गया। तेजस्वी यादव ने कहा कि भाजपा एक गुंडों वाली पार्टी है।
जानकारी के अनुसार, दरभंगा में कांग्रेस और राजद के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ की गई अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में भाजपा और उसके सहयोगी दलों के नेतृत्व में एनडीए ने आज सुबह सात बजे से दोपहर 12 बजे तक पांच घंटे का बिहार बंद बुलाया था।
इस बंद का आयोजन विशेष रूप से भाजपा महिला मोर्चा की अगुवाई में किया गया, जिसमें सभी घटक दलों की महिला कार्यकर्ता शामिल थीं। पटना के आयकर गोलंबर के पास सुबह से ही हाथों में झंडा लेकर भाजपा महिला मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। इन महिला कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बड़ी संख्या में बैनर और पोस्टर लेकर आईं प्रदर्शनकारी महिला कार्यकर्ता बीच सड़क पर ही बैठ गईं।
इस दौरान भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल, सांसद रवि शंकर प्रसाद, विधायक संजीव चौरसिया और विधान पार्षद संजय मयूख सहित कई एनडीए कार्यकर्ता भी बंद के समर्थन में सड़कों पर उतरे। इस दौरान ऑटो, बाइक, कार और बस का संचालन पूरी तरह से रुक गया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने इस बंद को पूर्ण रूप से सफल बताते हुए कहा कि एनडीए ने इस बंद का आह्वान किया था। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को इसके लिए देश से माफी मांगनी चाहिए, क्योंकि उन्होंने देश की संस्कृति को अपमानित किया है।