क्या नीतीश कुमार ने सीएम पद से इस्तीफा दिया और नई सरकार बनाने का दावा पेश किया?
सारांश
मुख्य बातें
पटना, 19 नवंबर (राष्ट्र प्रेस)। बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत के बाद अब नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस बीच, एनडीए विधायक दल के नेता के रूप में चुने जाने के बाद नीतीश कुमार ने बुधवार को राजभवन जाकर सीएम पद से इस्तीफा दे दिया। साथ ही उन्होंने राज्यपाल को नई सरकार बनाने का दावा भी प्रस्तुत किया।
नीतीश कुमार एनडीए के नेताओं के साथ राजभवन पहुंचे और राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को अपना इस्तीफा सौंपा। इसके बाद उन्होंने एनडीए के नवनिर्वाचित विधायकों की सूची देकर सरकार बनाने का दावा पेश किया।
इससे पहले विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एनडीए विधायक दल की बैठक हुई, जिसमें सभी नवनिर्वाचित विधायक और कई प्रमुख नेता शामिल हुए। बैठक में सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद वरिष्ठ नेताओं ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई दी।
नीतीश कुमार 10वीं बार मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहे हैं। पटना के गांधी मैदान में गुरुवार को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होगा। इस समारोह में आम जनता से लेकर वीआईपी तक की उपस्थिति की संभावना है, जिसके लिए विशेष तैयारियाँ की जा रही हैं। इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होने की उम्मीद है।
एक दिन पहले, नीतीश कुमार ने गांधी मैदान पहुंचकर शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मंच पर अतिथियों के बैठने की व्यवस्था और अन्य सुविधाओं की जानकारी अधिकारियों से प्राप्त की।
बता दें कि विधानसभा चुनाव में एनडीए को कुल 202 सीटें मिली हैं। भाजपा ने 89 सीटों पर जीत दर्ज की। दूसरे स्थान पर नीतीश कुमार की जनता दल (यूनाइटेड) 85 सीटों के साथ है। वहीं, चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति (आर) ने 19 सीटों पर जीत हासिल की है। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को 5 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा को 4 सीटों पर जीत मिली है।