नोएडा में बेटे ने पिता की हत्या की, वाहन की किस्त पर हुआ विवाद
सारांश
Key Takeaways
- पिता-पुत्र के रिश्तों में तनाव
- वाहन की किस्तों का विवाद
- पुलिस की तत्परता से आरोपी की गिरफ्तारी
- सामाजिक मुद्दे को उजागर करती घटना
- कानूनी कार्रवाई जारी
नोएडा, 7 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। नोएडा के थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस ने एक चौंकाने वाली हत्या के मामले का पर्दाफाश करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई लोहे की भारी ठोस पिन (हुक) भी बरामद की है।
आरोपी ने वाहन की किस्त के पैसे को लेकर चल रहे विवाद के चलते अपने ही पिता की हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, 1 मार्च को थाना एक्सप्रेस-वे क्षेत्र के सेक्टर-135 में यमुना डूब क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान की कोशिश की।
जांच में मृतक की पहचान राकेश कुमार, निवासी जरीफनगर, जिला बदायूं के रूप में हुई। राकेश वर्तमान में यमुना डूब क्षेत्र सेक्टर-135 नोएडा में रह रहा था। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और मामले का खुलासा करने के लिए पुलिस टीमों का गठन किया।
पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। इसी दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके तहत शुक्रवार को आरोपी सतेन्द्र कुमार को छपरौली स्थित लेबर चौक, सेक्टर-168 नोएडा से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी सतेन्द्र कुमार ने बताया कि उसके और उसके पिता के बीच वाहन की किस्त के पैसे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विषय पर दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था। उसने कहा कि 28 फरवरी की रात विवाद बढ़ गया, जिसके बाद गुस्से में आकर उसने लोहे के हुक से अपने पिता के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण राकेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गया था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की भारी ठोस पिन भी बरामद कर ली है। आरोपी की उम्र 22 वर्ष बताई जा रही है और वह मूल रूप से बदायूं जिले के जरीफनगर दुर्गपुर गांव का निवासी है।
थाना एक्सप्रेस-वे पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है।