एनटीपीसी में कार्यकारी पदों के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू, जानें सभी जरूरी बातें
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 10 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। सरकारी नौकरी की तलाश में लगे लोगों के लिए एक अद्वितीय अवसर आया है। भारत की सबसे बड़ी एकीकृत ऊर्जा कंपनी, नेशनल थर्मल पावर कॉर्पोरेशन (एनटीपीसी) लिमिटेड ने एग्जीक्यूटिव (आईबीडी) के 4 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी किया है।
एनटीपीसी द्वारा इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 9 मार्च से शुरू हो गई है। आवेदन करने की अंतिम तिथि 23 मार्च है। ऐसे में जो इच्छुक और योग्य उम्मीदवार एग्जीक्यूटिव पदों के लिए आवेदन करना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन के लिए अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद के अनुसार बीई/बीटेक/पीजीडीएम या एमबीए की डिग्री कम से कम 65 प्रतिशत अंकों के साथ होनी चाहिए। इसके अलावा, अन्य आवश्यक पात्रता भी होनी अनिवार्य है।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपनी श्रेणी के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन करना होगा, जो जनरल, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी श्रेणी के लिए 500 रुपए है। अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/पीडब्ल्यूबीडी/एक्स-सर्विसमैन और महिला उम्मीदवारों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट मिलेगी।
एनटीपीसी द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक रजिस्ट्रेशन करने वाले योग्य उम्मीदवारों का चयन टेस्ट, इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा। चयनित उम्मीदवारों की सैलरी 1,25,000 रुपए प्रति महीने होगी।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए, सबसे पहले एनटीपीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर पद से संबंधित आवेदन लिंक पर क्लिक करें। सभी आवश्यक जानकारियों को दर्ज करें और मांगे गए दस्तावेज़ अपलोड करें। फिर रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म सबमिट करें। अंत में आवेदन फॉर्म का प्रिंट आउट निकाल लें।