राजस्थान: पचपदरा रिफाइनरी में आग, मुख्यमंत्री ने दिए जांच के आदेश
सारांश
Key Takeaways
- पचपदरा रिफाइनरी में आग लगने की घटना हुई।
- मुख्यमंत्री ने जांच के आदेश दिए।
- आग पर काबू पा लिया गया है।
- किसी भी जनहानि की सूचना नहीं है।
- प्रधानमंत्री का दौरा स्थगित किया गया।
जयपुर, 20 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। राजस्थान के पचपदरा में स्थित एचपीसीएल रिफाइनरी में आग लगने की घटना ने प्रशासन और सरकार को गंभीर चिंता में डाल दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए जांच के निर्देश दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए लिखा कि पचपदरा स्थित एचपीसीएल रिफाइनरी में आग लगने की यह घटना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों और रिफाइनरी प्रबंधन के साथ त्वरित चर्चा कर स्थिति की पूरी जानकारी ली है। इस समय स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
सुरक्षा मानकों को ध्यान में रखते हुए, प्रधानमंत्री मोदी का प्रस्तावित दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इस घटना की उच्चस्तरीय जांच शुरू की जा चुकी है।
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने भी एक्स पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि सोमवार को एचआरआरएल रिफाइनरी के क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट के पास आग लगने के कारण, 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री मोदी द्वारा रिफाइनरी के निर्धारित लोकार्पण कार्यक्रम को स्थगित किया गया है।
आग पर काबू पा लिया गया है और किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। इस घटना के कारणों का पता लगाने और आवश्यक सुधारात्मक उपाय करने के लिए जांच प्रारंभ हो गई है। लोकार्पण की नई तारीख की घोषणा उचित समय पर की जाएगी।
राज्य के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने पचपदरा रिफाइनरी में आग लगने की घटना को “बेहद दुर्भाग्यपूर्ण” बताया है। जोधपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि यह घटना क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (सीडीयू) में हुई, लेकिन राहत की बात यह है कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है।
मुख्य सचिव ने कहा कि घटना की विस्तृत जांच की जाएगी और इसके कारणों का पता लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि रिफाइनरी के इंजीनियर्स और टीम ने समय पर आग पर नियंत्रण कर लिया, जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और वहां कार्यरत सभी कर्मचारी पूरी तरह सुरक्षित हैं।
वी. श्रीनिवास ने बताया कि मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री का पचपदरा रिफाइनरी दौरा प्रस्तावित है। वे स्वयं भी दोबारा मौके पर जाएंगे और तब तक घटना से जुड़ी और अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और रिफाइनरी में कार्यरत सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं।