आरआईटीईएस 2026 भर्ती: ग्रुप जनरल मैनेजर पद पर आवेदन की अंतिम तिथि 27 अप्रैल
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 19 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनॉमिक सर्विस (आरआईटीईएस) लिमिटेड ने ग्रुप जनरल मैनेजर के पद पर आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों पर आवेदन करने की अंतिम तिथि 27 अप्रैल तय की गई है।
यदि आप सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं और एक उत्कृष्ट अवसर की तलाश में हैं, तो आरआईटीईएस लिमिटेड में कार्य करने का यह एक सुनहरा मौका है। आरआईटीईएस ने ग्रुप जनरल मैनेजर (एचआर) के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
आरआईटीईएस द्वारा इस पद के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया मार्च से प्रारंभ हो चुकी है और आवेदन करने की अंतिम तिथि 27 अप्रैल है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार अपनी एप्लीकेशन फॉर्म को निर्धारित समय सीमा के भीतर भर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित पद के अनुसार एमबीए/पीजीडीबीए/पीजीडीबीएम/पीजीडीएम/पीजीडीएचआरएम या मानव संसाधन/कार्मिक प्रबंधन/औद्योगिक संबंध/श्रम कल्याण/एमएचआरओडी में समकक्ष डिग्री होनी चाहिए। इसके साथ ही, कैंडिडेट्स के पास 23 साल का कार्य अनुभव होना अनिवार्य है।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन बिना लिखित परीक्षा के केवल इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा। चयनित कैंडिडेट्स को प्रति माह 1,20,000 से 2,80,000 रुपए तक सैलरी दी जाएगी।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 55 वर्ष निर्धारित की गई है, और आरक्षित वर्ग के कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट प्राप्त होगी।
आवेदन करते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा, जो जनरल/ओबीसी के लिए 600 रुपए और ईडब्ल्यूएस/एससी/एसटी/पीडब्ल्यूडी के लिए 300 रुपए है, जिसमें लागू टैक्स शामिल हैं।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए, सबसे पहले आरआईटीईएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाकर पद से संबंधित सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। फिर रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी भरें। सभी आवश्यक डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। अंत में, आवेदन शुल्क का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट करें और भविष्य के लिए एप्लीकेशन फॉर्म का प्रिंट आउट निकालना न भूलें।