बिहार में मैट्रिक परीक्षा में सुहानी सोनम का शानदार प्रदर्शन, खुशी का इजहार किया
सारांश
मुख्य बातें
पटना, 29 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। बिहार बोर्ड ने रविवार को मैट्रिक परीक्षा के परिणामों की घोषणा की। पटना की सुहानी सोनम ने 481 अंक प्राप्त कर टॉप 10 में स्थान बनाया है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय कड़ी मेहनत और शिक्षकों के सहयोग को दिया।
सुहानी ने कहा, "मैट्रिक में टॉप करने पर मुझे बहुत खुशी हो रही है। मैंने परीक्षा के लिए बहुत मेहनत की, जिसका परिणाम 96.2 प्रतिशत अंक के रूप में आया है। शिक्षकों ने मेरा भरपूर समर्थन किया। मैंने चार घंटे पढ़ाई करने की शुरुआत की और धीरे-धीरे इसे बढ़ाकर छह घंटे कर दिया। मुझे अब बीबीए करना है और मेहनत करके अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाना है।" उन्होंने बच्चों को संदेश दिया कि कड़ी मेहनत से सफलता अवश्य मिलेगी।
सुहानी के पिता, मनोज साव ने कहा, "बेटी की सफलता पर हमें बहुत खुशी है। हमें विश्वास था कि सुहानी अच्छे अंक लाएगी। मेरे तीनों बच्चे मेहनत से पढ़ाई करते हैं।"
टाइल मिस्त्री के बेटे शुभम कुमार तांती ने बिहार बोर्ड एग्जाम में 8वीं रैंक प्राप्त की है, जिससे उनके गांव का नाम रोशन हुआ है और उनका लक्ष्य आईआईटी में प्रवेश पाना है। उन्होंने कहा, "इस सफलता का श्रेय मैं अपने माता-पिता और शिक्षकों को देता हूँ। मैंने आठ से नौ घंटे पढ़ाई की।"
मैट्रिक में टॉप फाइव में स्थान पाने वाली नसरीन परवीन ने कहा, "मुझे बहुत अच्छा लग रहा है। मैं अपने परिवार को इसका पूरा श्रेय देना चाहती हूँ। मैंने रोज 8-9 घंटे पढ़ाई की और मुझे अपने परिवार से अच्छा सहयोग मिला।"
वहीं, 12वीं की परीक्षा में चौथा स्थान प्राप्त करने वाली ज्योति कुमारी ने कहा, "मेरी इस सफलता का श्रेय मेरे माता-पिता और गुरुजनों को जाता है। मैं एक सामान्य विद्यार्थी की तरह पढ़ाई करती थी।"