क्या तेजस्वी यादव को 'मुंगेरी लाल के हसीन सपने' देखना बंद करना चाहिए?
सारांश
मुख्य बातें
पटना, 28 अक्टूबर (राष्ट्र प्रेस)। बिहार विधानसभा चुनाव के संदर्भ में महागठबंधन ने अपना चुनावी अभियान तेज कर दिया है। तेजस्वी यादव द्वारा बिहार के लोगों के लिए कई नई घोषणाएं की जा रही हैं। इस बीच, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने तेजस्वी यादव पर तंजमुंगेरी लाल के हसीन सपने' देखना बंद करना चाहिए।
पटना में राष्ट्र प्रेस के साथ बातचीत में यूपी के डिप्टी सीएम ने कहा कि जब तेजस्वी यादव राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने की बात करते हैं, तब राहुल गांधी तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री का चेहरा बताते हैं, लेकिन यह सब केवल मुंगेरी लाल के हसीन सपने हैं। बिहार की जनता समझदार है और इनके सपने केवल सपने रह जाएंगे, जो कभी भी साकार नहीं होंगे।
तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनने का सपना देख रहे हैं और राहुल गांधी प्रधानमंत्री बनने का, ये लोग अक्सर ऐसे सपने देखते हैं। लेकिन, जब नींद खुलती है, तो असली तस्वीर सामने आती है, वे वही रहते हैं, जो पहले थे।
उन्होंने कहा कि बिहार की जनता तेजस्वी यादव के हाथों में बिहार नहीं सौंपेगी और इसे फिर से जंगलराज की आग में जलने नहीं देगी। बिहार की जनता को एनडीए सरकार में किए गए विकास कार्य पसंद हैं और वह एनडीए के पक्ष में वोट देकर एक बार फिर से बिहार में एनडीए सरकार लाएगी।
यूपी के डिप्टी सीएम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि अब बिहार में जंगलराज की यादें मिट रही हैं, और पीएम मोदी तथा नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की योजनाएं खिल रही हैं।
एसआईआर के संबंध में उन्होंने कहा कि संपूर्ण भारत में एसआईआर चुनाव आयोग द्वारा मतदाता सूची का शुद्धिकरण एक स्वागतयोग्य कदम है। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के संविधान के अनुसार, घुसपैठियों, मृत व्यक्तियों और दोहराए गए नामों को हटाना तथा नव मतदाताओं को जोड़ना ही लोकतंत्र की मजबूती है। केवल बूथ कब्जाने और तुष्टिकरण आधारित वोट बैंक की राजनीति करने वाले दल तथा मुद्दा-विहीन विपक्ष ही इसका विरोध कर रहे हैं, जिसका कोई औचित्य देशवासियों की नज़र में नहीं बचा है।