एलपीजी सिलेंडर की घरेलू आपूर्ति पर योगेश कदम का आश्वासन, पैनिक की आवश्यकता नहीं
सारांश
Key Takeaways
- गैस की घरेलू आपूर्ति में कोई कमी नहीं आएगी।
- वाणिज्यिक गैस की सप्लाई पर रोक लगी है।
- उपभोक्ताओं को गैस का सही उपयोग करना चाहिए।
मुंबई, 14 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने शनिवार को घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की आपूर्ति और वाणिज्यिक गैस पर केंद्र सरकार के हालिया निर्णय पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्र ने वाणिज्यिक उपयोग के लिए गैस की सप्लाई पर रोक लगाने का निर्देश दिया है, लेकिन घरेलू उपभोक्ताओं के लिए गैस की कमी नहीं आएगी।
योगेश कदम ने राष्ट्र प्रेस से बातचीत में कहा, "केंद्र सरकार का जो निर्णय है, उसके तहत देशभर में जितने भी वाणिज्यिक उपयोग हैं, उनकी सप्लाई पर रोक लगाने के आदेश दिए गए हैं, लेकिन घर के लिए गैस की आपूर्ति निरंतर जारी रहेगी। हमारे पास गैस की कोई कमी नहीं है, इसलिए पैनिक होने की आवश्यकता नहीं है। घरेलू उपयोग के लिए गैस की आपूर्ति लगातार चालू रहेगी।"
मंत्री ने उपभोक्ताओं से आग्रह किया कि वे गैस का सही उपयोग करें। उन्होंने कहा, "इस समय मिडिल ईस्ट में चल रहे संघर्ष के कारण गैस का उपयोग हमें सावधानीपूर्वक करना चाहिए। गैस की बर्बादी नहीं करनी चाहिए, इसका हमें ध्यान रखना चाहिए।" उन्होंने यह भी बताया कि वैश्विक स्तर पर तनाव होने के बावजूद भारत की स्थिति मजबूत है और गैस की आपूर्ति प्रभावित नहीं हुई है।
योगेश कदम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति की सराहना करते हुए कहा कि मोदी सरकार के कारण भारत की अंतरराष्ट्रीय छवि में सुधार हुआ है। उन्होंने कहा, "जब से नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बने हैं, तब से उन्होंने भारत का नाम आगे बढ़ाया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की इज्जत बढ़ी है। पीएम मोदी ने हर देश के साथ अच्छे रिश्ते बनाए हैं। इसी कारण युद्ध के बावजूद ईरान से हमे अच्छी सप्लाई हो रही है।"
उन्होंने आगे कहा कि पीएम मोदी के कार्यकाल में भारत को अंतरराष्ट्रीय मंच पर जो सम्मान मिला है, उसका सीधा लाभ नागरिकों को मिल रहा है। उन्होंने कहा, "अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पीएम मोदी का जो रिश्ता है, उसका लाभ आज देश को मिल रहा है। मेरे अनुसार पीएम मोदी जिस प्रकार से कार्य कर रहे हैं, वैसा किसी भी प्रधानमंत्री ने नहीं किया है।"