इंग्लैंड ने श्रीलंका को हराकर टी20 वर्ल्ड कप में अपने नाम किए ऐतिहासिक रिकॉर्ड
सारांश
Key Takeaways
- इंग्लैंड की 51 रनों से जीत
- टी20 वर्ल्ड कप में 12वीं लगातार जीत
- स्पिन गेंदबाजों ने 7 विकेट लिए
- श्रीलंका का न्यूनतम स्कोर 95
- फिल साल्ट की 62 रनों की पारी
पल्लेकेले, 22 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को इंग्लैंड ने एकतरफा मुकाबले में श्रीलंका को 51 रनों से हराया। पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में इंग्लिश टीम ने कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड्स भी अपने नाम किए।
इंग्लैंड की यह टी20 विश्व कप में रनों के लिहाज से दूसरी सबसे बड़ी जीत है। इसके साथ ही इंग्लैंड ने क्रिकेट के इस छोटे फॉर्मेट में श्रीलंका के खिलाफ लगातार 12 मुकाबलों में जीत दर्ज की है।
मैच के दौरान इंग्लैंड के स्पिन गेंदबाजों ने मिलकर 7 विकेट चटकाए, जो टी20 वर्ल्ड कप में एक नया रिकॉर्ड है। इंग्लैंड ने टी20 इंटरनेशनल में अपने चौथे सबसे छोटे लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव भी किया। श्रीलंका के खिलाफ यह डिफेंड किया गया दूसरा सबसे छोटा टारगेट भी है।
श्रीलंका ने इंग्लैंड द्वारा दिए गए 147 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 95 रन ही बनाए। यह श्रीलंका का टी20 वर्ल्ड कप में तीसरा सबसे न्यूनतम स्कोर है।
इंग्लैंड के स्पिन गेंदबाजों के सामने श्रीलंका का बैटिंग ऑर्डर बिखर गया। श्रीलंका की ओर से कप्तान दासुन शनाका ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए, जबकि कामिंदु मेंडिस ने 13 रनों का योगदान दिया। इंग्लैंड की ओर से विल जैक्स ने 22 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। जोफ्रा आर्चर और आदिल रशीद ने भी 2-2 विकेट निकाले।
इससे पहले इंग्लैंड ने फिल साल्ट की 62 रनों की शानदार पारी की बदौलत 20 ओवर में 146 रन बनाए। साल्ट ने अपनी पारी में 6 चौके और 2 सिक्स लगाए। वहीं, विल जैक्स ने 14 गेंदों में 21 रन बनाए। इस जीत के साथ इंग्लैंड सुपर-8 के दूसरे ग्रुप में पहले स्थान पर पहुंच गई है। 24 फरवरी को इंग्लैंड का अगला मुकाबला पाकिस्तान के साथ होगा।