इंग्लैंड ने श्रीलंका को हराकर टी20 में लगातार 12वीं जीत का किया जश्न
सारांश
Key Takeaways
- इंग्लैंड ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 में 12वीं जीत दर्ज की।
- फिलिप साल्ट ने इंग्लैंड के लिए महत्वपूर्ण पारी खेली।
- इंग्लैंड के स्पिनरों ने शानदार गेंदबाजी की।
- श्रीलंकाई टीम 95 रन पर सिमट गई।
- डुनिथ वेललेज ने श्रीलंका के लिए 3 विकेट लिए।
पल्लेकेले, 22 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। इंग्लैंड ने रविवार को श्रीलंका के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मैच में 51 रन से जीत हासिल की। यह इंग्लैंड की श्रीलंका के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार 12वीं जीत है।
श्रीलंकाई टीम ने 20 मई 2014 को इंग्लैंड के खिलाफ अपना आखिरी टी20 मैच जीता था, जिसके बाद से इंग्लैंड ने श्रीलंका को लगातार 12 टी20 मुकाबलों में हराया है। इस दौरान इंग्लैंड ने दो बार 8-8 विकेट से भी मैच अपने नाम किए हैं।
पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 146 रन बनाए, जबकि श्रीलंकाई टीम 16.4 ओवरों में महज 95 रन पर सिमट गई। इस मैच में इंग्लैंड के स्पिनर्स ने 7 विकेट लिए, जो किसी टी20 वर्ल्ड कप मैच में उनके लिए सर्वाधिक हैं।
रविवार को पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लिश टीम ने 9 विकेट खोकर 146 रन बनाए। इस टीम के लिए फिलिप साल्ट ने 40 गेंदों में 62 रन की पारी खेली, जिसमें 2 छक्के और 6 चौके शामिल थे। इस दौरान उन्होंने 6 खिलाड़ियों के साथ साझेदारी की। इसके अलावा, विल जैक्स ने 21 रन का योगदान दिया।
विपक्षी टीम में, डुनिथ वेललेज ने 3 विकेट लिए, जबकि दिलशान मदुशंका और महीश तिक्षाणा ने 2-2 विकेट अपने नाम किए। एक विकेट दुष्मंथा चमीरा ने प्राप्त किया।
इसके जवाब में, श्रीलंकाई टीम 16.4 ओवरों में महज 95 रन पर सिमट गई। श्रीलंका के कप्तान दासुन शनाका ने 24 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 30 रन बनाए, जबकि कामिंदु मेंडिस ने 13 रन का योगदान दिया।
इंग्लैंड की तरफ से, विल जैक्स ने 3 विकेट लिए। जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन और आदिल राशिद ने 2-2 विकेट हासिल किए। एक विकेट जेमी ओवटरन ने अपने नाम किया।