टी20 वर्ल्ड कप 2026: इंग्लैंड की शानदार जीत, श्रीलंका को 51 रनों से हराया
सारांश
मुख्य बातें
पल्लेकेले, 22 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 51 रनों से पराजित किया। रविवार को पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में इंग्लैंड द्वारा दिए गए 147 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की टीम मात्र 16.4 ओवर में केवल 95 रन बना सकी।
इंग्लैंड के गेंदबाजों के सामने श्रीलंकाई बल्लेबाजों ने आसानी से हार मान ली। टीम ने लगातार विकेट गंवाए। श्रीलंका की तरफ से कप्तान दासुन शनाका ने सर्वाधिक 30 रन बनाए, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। शनाका के अलावा कामिंदु मेंडिस ने 13 रनों का योगदान दिया, जबकि दुनिथ वेल्लालगे ने 10 रन बनाए।
गेंदबाजी में इंग्लैंड के विल जैक्स ने 4 ओवर में सिर्फ 22 रन खर्च कर 3 विकेट अपने नाम किए। वहीं, जोफ्रा आर्चर और लियाम डॉसन ने दो-दो विकेट लिए। आदिल रशीद ने भी 3.4 ओवर में केवल 13 रन देकर 2 विकेट निकाले। श्रीलंका को हराकर इंग्लैंड सुपर-8 के दूसरे ग्रुप में पहले स्थान पर पहुंच गई है।
इससे पहले, टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। जोस बटलर केवल 7 रन बनाकर आउट हुए, जबकि जैकब बेथेल 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। टॉम बैंटन का खराब प्रदर्शन जारी रहा, और वह 6 रन बनाकर रनआउट हुए। कप्तान हैरी ब्रूक भी बल्ले से कुछ खास नहीं कर सके और 14 रन बनाकर लौट गए।
सैम करन ने 11 रनों का योगदान दिया, जबकि विल जैक्स ने 14 गेंदों में 21 रन बनाए। हालांकि, फिल साल्ट ने एक छोर संभाले रखा और उन्होंने 6 चौके और 2 छक्के की मदद से 40 गेंदों में 62 रनों की शानदार पारी खेली। साल्ट की पारी के चलते इंग्लैंड ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 146 रन बनाकर अपनी पारी समाप्त की।
श्रीलंका की गेंदबाजी में दुनिथ वेल्लालगे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में केवल 26 रन देकर 3 विकेट लिए। वहीं, दिलशान मदुशंका और महेश तीक्षणा ने भी दो-दो विकेट लिए।