इंग्लैंड ने श्रीलंका को हराकर टी20 वर्ल्ड कप में बनाए अनोखे रिकॉर्ड
सारांश
Key Takeaways
- इंग्लैंड ने श्रीलंका को 51 रनों से हराया।
- टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड की यह दूसरी सबसे बड़ी जीत है।
- श्रीलंका का 95 रन का स्कोर तीसरा सबसे न्यूनतम स्कोर है।
- विल जैक्स ने 22 रन देकर 3 विकेट लिए।
- फिल साल्ट ने 62 रन बनाए।
पल्लेकेले, 22 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में रविवार को इंग्लैंड ने श्रीलंका को 51 रनों से एकतरफा मुकाबले में हराकर कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड्स अपने नाम किए। पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित मैच में जीत के साथ ही इंग्लिश टीम ने कई बड़े मील के पत्थर अपने खाते में जोड़े।
इंग्लैंड की यह टी20 विश्व कप में रनों के मामले में दूसरी सबसे बड़ी जीत रही। इसके साथ ही इंग्लैंड ने क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में श्रीलंका के खिलाफ लगातार 12वें मुकाबले में जीत हासिल की है।
मैच में इंग्लैंड के स्पिन गेंदबाजों ने मिलकर सात विकेट चटकाए, जो टी20 वर्ल्ड कप में एक नया रिकॉर्ड है। इंग्लैंड ने टी20 इंटरनेशनल में अपने चौथे सबसे छोटे लक्ष्य का सफलतापूर्वक बचाव किया। इसके साथ ही श्रीलंका के खिलाफ यह डिफेंड किया गया दूसरा सबसे छोटा टारगेट था।
इंग्लैंड द्वारा निर्धारित 147 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की पूरी टीम महज 95 रनों पर सिमट गई। यह श्रीलंका का टी20 वर्ल्ड कप में तीसरा सबसे न्यूनतम स्कोर भी है।
इंग्लैंड के स्पिन गेंदबाजों के समक्ष श्रीलंका का बैटिंग ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह ढह गया। श्रीलंका की ओर से कप्तान दासुन शनाका ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए, जबकि कामिंदु मेंडिस ने 13 रनों का योगदान दिया। इंग्लैंड की गेंदबाजी में विल जैक्स की घूमती गेंदों का जादू चला, जिन्होंने सिर्फ 22 रन देकर 3 विकेट लिए। जोफ्रा आर्चर और आदिल रशीद ने दो-दो विकेट चटकाए।
इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए फिल साल्ट की 40 गेंदों पर खेली गई 62 रनों की धमाकेदार पारी के बल पर 20 ओवर में 146 रन बनाए। साल्ट ने अपनी पारी में 6 चौके और 2 सिक्स लगाए। वहीं, विल जैक्स ने 14 गेंदों में 21 रन बनाए। इस जीत के साथ इंग्लैंड सुपर-8 के दूसरे ग्रुप में पहले स्थान पर पहुंच गई है। 24 फरवरी को इंग्लैंड का अगला मुकाबला पाकिस्तान से होगा।