क्या इंग्लैंड ने श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे के लिए प्लेइंग इलेवन का ऐलान किया?
सारांश
Key Takeaways
कोलंबो, 21 जनवरी (राष्ट्र प्रेस)। इंग्लैंड क्रिकेट टीम और श्रीलंका के बीच तीन वनडे मैचों की श्रृंखला की शुरुआत गुरुवार से होने जा रही है। पहला मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा। इस महत्वपूर्ण मुकाबले के लिए इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन का ऐलान कर दिया है।
इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन में सबसे आश्चर्यजनक नाम सलामी बल्लेबाज जैक क्रॉली का है। क्रॉली इंग्लैंड के लिए बेन डकेट के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। 27 वर्षीय जैक क्रॉली को 25 महीने बाद वनडे टीम में स्थान दिया गया है। उन्होंने अपना आखिरी वनडे वेस्टइंडीज के खिलाफ 9 दिसंबर 2023 को खेला था, जिसमें वह खाता नहीं खोल सके थे। अब तक क्रॉली ने 8 वनडे मैच खेले हैं, जिसमें 2 अर्धशतकों के साथ उन्होंने 199 रन बनाए हैं। नाबाद 58 उनका सर्वोच्च स्कोर है।
तीसरे स्थान पर बल्लेबाजी के लिए जो रूट, चौथे स्थान पर जैकब बेथेल और पांचवें स्थान पर कप्तान हैरी ब्रूक आएंगे। इसके बाद जोस बटलर और विल जैक्स का नंबर होगा। टीम में ऑलराउंडर सैम करन को भी शामिल किया गया है, जो वर्तमान में लीग क्रिकेट में बल्ले और गेंद से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
तेज गेंदबाज जेमी ओवरटन के अलावा स्पिनर लियम डॉसन और आदिल राशिद को भी प्लेइंग इलेवन में जगह दी गई है। इंग्लैंड के लिए आदिल राशिद और लियम डॉसन स्पिनरों के अनुकूल मानी जाने वाली पिच पर कमाल कर सकते हैं।
सीरीज शुरू होने से ठीक एक दिन पहले श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने चरिथ असलांका की कप्तानी में 17 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। टी20 विश्व कप 2026 में कप्तानी गंवाने वाले असलांका को अब वनडे टीम की कप्तानी सौंपी गई है।
पहले वनडे के लिए इंग्लैंड की प्लेइंग इलेवन:
जैक क्रॉली, बेन डकेट, जो रूट, जैकब बेथेल, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), विल जैक्स, सैम करन, जेमी ओवरटन, लियम डॉसन, आदिल राशिद.
इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए श्रीलंका की टीम:
चरिथ असलांका (कप्तान), पथुम निसांका, कामिल मिशारा, कुसल मेंडिस, सदीरा समरविक्रमा, पवन रथनायके, धनंजय डी सिल्वा, जेनिथ लियानागे, कामिंडू मेंडिस, डुनिथ वेल्लालेज, वानिंदू हसरंगा, जेफरी वेंडरसे, महेश तीक्षणा, मिलन रथनायके, असिथा फर्नांडो, प्रमोद मदुशन, ईशान मलिंगा.