टी20 वर्ल्ड कप: इंग्लैंड का सामना करेगा न्यूजीलैंड, सेमीफाइनल में पहुँचने की होगी जद्दोजहद
सारांश
Key Takeaways
- इंग्लैंड और न्यूजीलैंड का मुकाबला सेमीफाइनल के लिए महत्वपूर्ण है।
- पाकिस्तान की नजर इस मैच पर रहेगी।
- आर प्रेमदासा स्टेडियम की पिच स्पिनर्स के लिए अनुकूल है।
- मौसम में बारिश की संभावना बेहद कम है।
- इंग्लैंड ने 17 और न्यूजीलैंड ने 10 मैच जीते हैं।
कोलंबो, 27 फरवरी (राष्ट्र प्रेस)। टी20 विश्व कप 2026 में शुक्रवार को सुपर-8 का एक महत्वपूर्ण मुकाबला खेला जाएगा। यह मुकाबला ग्रुप 2 में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच आर. प्रेमदासा क्रिकेट स्टेडियम, कोलंबो में शाम 7 बजे से निर्धारित है। इस मैच पर पाकिस्तान की भी नजर रहेगी।
इंग्लैंड ने सुपर-8 में श्रीलंका और पाकिस्तान के खिलाफ अपने पहले दो मैच जीतकर सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। वे न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत की लय को बनाए रखने की कोशिश करेंगे। वहीं, यदि न्यूजीलैंड इंग्लैंड के खिलाफ जीतता है, तो वह सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। इंग्लैंड पर जीत हासिल करने के बाद न्यूजीलैंड के 5 अंक हो जाएंगे और वह ग्रुप में शीर्ष पर पहुंच जाएगा।
यदि न्यूजीलैंड को इंग्लैंड के खिलाफ बड़ी हार का सामना करना पड़ता है, तो पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल का अवसर खुल सकता है। न्यूजीलैंड को पाकिस्तान के खिलाफ बारिश के कारण रद्द हुए मैच से 1 अंक मिला था, जबकि 2 अंक श्रीलंका पर जीत से प्राप्त हुए थे। हार की स्थिति में न्यूजीलैंड के पास केवल 3 अंक रह जाएंगे। ऐसे में पाकिस्तान शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ होने वाले मैच में बड़ी जीत से सेमीफाइनल की राह टटोल सकता है।
पाकिस्तान के पास वर्तमान में 1 अंक हैं। यदि पाकिस्तान श्रीलंका पर बड़ी जीत दर्ज करता है, तो उसके भी 3 अंक हो जाएंगे और बेहतर रन रेट के आधार पर वह सेमीफाइनल में पहुंच सकता है। इसलिए इंग्लैंड-न्यूजीलैंड मैच पर पाकिस्तान की नजर बनेगी।
पिछले पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को कोलंबो में बारिश की संभावना बहुत कम है। यदि बारिश होती है, तो दोनों टीमों के बीच अंक बांटे जाएंगे और न्यूजीलैंड आसानी से सेमीफाइनल में पहुंच जाएगा। पाकिस्तान यह नहीं चाहेगा कि मैच में बारिश का असर पड़े।
आर प्रेमदासा स्टेडियम की पिच स्पिनरों के लिए अनुकूल रही है। यहाँ गेंद बल्ले पर रुककर आती है, जो बल्लेबाजी में मुश्किलें पैदा कर सकती है। तेज गेंदबाजों को थोड़ी सहायता मिल सकती है। बल्लेबाजों को हर एक रन के लिए संघर्ष करना पड़ सकता है। अब तक मैदान पर लो स्कोरिंग मुकाबले देखे जा चुके हैं।
इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 30 टी20 मैच खेले जा चुके हैं। इंग्लैंड ने 17 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड ने 10 मैचों में सफलता पाई है। 3 मैच बेनतीजा रहे हैं।