गौतम गंभीर: वेस्टइंडीज के खिलाफ संजू सैमसन की 97 रन की पारी थी भारतीय टीम का टर्निंग प्वाइंट
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 10 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यूजीलैंड को फाइनल में 96 रनों से मात देकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया। टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर का मानना है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ संजू सैमसन की 97 रनों की पारी इस टूर्नामेंट का महत्वपूर्ण टर्निंग प्वाइंट साबित हुई।
गंभीर ने भारतीय टीम के कोच के रूप में वर्ल्ड कप जीतने के भावनात्मक महत्व को साझा किया। उन्होंने जियोस्टार से कहा, "मैंने कभी नहीं सोचा था कि एक कोच के रूप में वर्ल्ड कप जीतूंगा। यह बहुत बड़ी बात है कि मुझे भारतीय टीम का मुख्य कोच बनने का अवसर मिला। भारत की जर्सी पहनना और देश के लिए कुछ विशेष करना बहुत महत्वपूर्ण है।"
भारतीय टीम के पूर्व ओपनर ने देश का प्रतिनिधित्व करने के भावनात्मक संबंध पर जोर देते हुए कहा कि परिवार से मिली पहचान और करोड़ों फैंस का गर्व इस उपलब्धि को और भी विशेष बना देता है। उन्होंने कहा, "जब आपकी मां आपको बधाई देते हुए कहती हैं, 'बहुत बढ़िया', तो आप उसी के लिए खेलते हैं। 140 करोड़ भारतीयों को गर्व महसूस कराना सबसे बड़ा एहसास है।"
गौतम गंभीर ने वेस्टइंडीज के खिलाफ संजू सैमसन की 97 रनों की नाबाद पारी को टूर्नामेंट का सबसे महत्वपूर्ण पल बताया। उन्होंने कहा, "यह कहना कठिन है, लेकिन मुझे अब भी विश्वास है कि वेस्टइंडीज के खिलाफ संजू की 97 रन की पारी इस कैंपेन का टर्निंग प्वाइंट थी। यह एक तरह से क्वार्टर-फाइनल था। वर्ल्ड कप के गेम में 195 रन का पीछा करना कभी आसान नहीं होता, कोई भी मैदान हो।"
गौतम गंभीर ने कहा कि संजू सैमसन का शांत स्वभाव भारतीय टीम के ड्रेसिंग रूम का माहौल पूरी तरह से बदल दिया। मुख्य कोच ने ईशान किशन के योगदान की भी सराहना की। 'करो या मरो' मुकाबले में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 195 रन बनाए थे। 196 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने 41 के स्कोर पर 2 विकेट गंवा दिए थे।
हालांकि, संजू एक छोर पर टिके रहे और उन्होंने 50 गेंदों में 97 रनों की शानदार पारी खेली। उनकी महत्वपूर्ण पारी के चलते भारतीय टीम 5 विकेट से जीत हासिल करने में सफल रही। संजू सैमसन ने सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 42 गेंदों में 89 रनों की शानदार पारी खेली थी। वहीं, फाइनल मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने 46 गेंदों में 89 रन बनाए। संजू टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बने।