मोहम्मद शमी का शानदार रिकॉर्ड: आईपीएल पारी की पहली गेंद पर 5 बार हासिल किया विकेट
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 1 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। शमी अब आईपीएल पारी की पहली गेंद पर विकेट लेने वाले इकलौते गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने यह उपलब्धि 5 बार हासिल की है।
इस सूची में प्रवीण कुमार, उमेश यादव, ट्रेंट बोल्ट, लसिथ मलिंगा, भुवनेश्वर कुमार, अशोक डिंडा और पैट कमिंस संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 3-3 बार यह किया है।
बुधवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स 18.4 ओवरों में मात्र 141 रन पर समेट गई। इस टीम को 19 के स्कोर पर कप्तान ऋषभ पंत (7) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद मिचेल मार्श ने एडेन मार्करम के साथ दूसरे विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी की।
मिचेल मार्श 28 गेंदों में 3 छक्कों और 2 चौकों के साथ 35 रन बनाकर आउट हुए। टीम ने 71 के स्कोर तक अपने 5 विकेट खो दिए थे। यहां से अब्दुल समद ने मुकुल चौधरी के साथ छठे विकेट के लिए 34 रन, जबकि शाहबाज अहमद के साथ सातवें विकेट के लिए 33 रन जोड़कर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुँचाया।
अब्दुल समद 25 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 36 रन बनाकर आउट हुए, जबकि शाहबाज अहमद ने नाबाद 15 रन बनाए। मुकुल चौधरी ने टीम के खाते में 14 रन जोड़े। टीम 18.4 ओवरों में महज 141 रन पर सिमट गई। विपक्षी टीम से लुंगी एनगिडी और टी नटराजन ने 3-3 विकेट लिए। कुलदीप यादव ने 2 विकेट निकाले और 1 विकेट अक्षर पटेल के हाथ लगा।
142 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने पारी की पहली ही गेंद पर केएल राहुल (0) का विकेट गंवा दिया। मोहम्मद शमी ने केएल राहुल को मोहसिन खान के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद टीम ने 26 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो दिए, लेकिन यहां से समीर रिजवी ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ टीम को संभाल लिया।
खबर लिखे जाने तक दिल्ली कैपिटल्स ने 11 ओवरों की समाप्ति तक 4 विकेट खोकर 83 रन बना लिए हैं। यहां से टीम को जीत के लिए 54 गेंदों में 59 रन की आवश्यकता है।