मोहम्मद शमी ने आईपीएल में पहली गेंद पर विकेट लेने का अनूठा रिकॉर्ड बनाया
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 1 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने एक नया रिकॉर्ड अपने नाम किया है। शमी अब आईपीएल पारी की पहली गेंद पर विकेट लेने वाले एकमात्र गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने ऐसा 5 बार किया है।
इस सूची में प्रवीण कुमार, उमेश यादव, ट्रेंट बोल्ट, लसिथ मलिंगा, भुवनेश्वर कुमार, अशोक डिंडा, और पैट कमिंस दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 3-3 बार यह उपलब्धि हासिल की है।
बुधवार को इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने टॉस हारकर बल्लेबाजी की और 18.4 ओवरों में केवल 141 रन बनाकर आउट हो गई। टीम को 19 के स्कोर पर कप्तान ऋषभ पंत (7) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद मिचेल मार्श ने एडेन मार्करम के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 29 रन की साझेदारी की।
मिचेल मार्श ने 28 गेंदों में 3 छक्के और 2 चौके लगाते हुए 35 रन की पारी खेली। टीम ने 71 के स्कोर पर अपने 5 विकेट खो दिए थे। इसके बाद अब्दुल समद ने मुकुल चौधरी के साथ मिलकर छठे विकेट के लिए 34 रन और शाहबाज अहमद के साथ सातवें विकेट के लिए 33 रन जोड़े, जिससे टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंची।
अब्दुल समद 25 गेंदों में 4 बाउंड्री के साथ 36 रन बनाकर आउट हुए, वहीं शाहबाज अहमद ने नाबाद 15 रन बनाए। मुकुल चौधरी ने 14 रन का योगदान दिया। कुल मिलाकर, लखनऊ सुपर जायंट्स 18.4 ओवर में 141 रन पर सिमट गई। विपक्षी टीम के लुंगी एनगिडी और टी नटराजन ने 3-3 विकेट लिए, जबकि कुलदीप यादव ने 2 और अक्षर पटेल ने 1 विकेट चटकाया।
142 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स ने पारी की पहली ही गेंद पर केएल राहुल (0) का विकेट गंवाया। मोहम्मद शमी ने केएल राहुल को मोहसिन खान के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद टीम ने 26 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो दिए, लेकिन समीर रिजवी ने ट्रिस्टन स्टब्स के साथ मिलकर टीम को संभाला।
खबर लिखे जाने तक दिल्ली कैपिटल्स ने 11 ओवरों के बाद 4 विकेट खोकर 83 रन बना लिए हैं। अब टीम को जीत के लिए 54 गेंदों में 59 रन की आवश्यकता है।