पहले टी20 में न्यूजीलैंड को अपने घर में मिली हार, दक्षिण अफ्रीका ने 7 विकेट से दी मात
सारांश
मुख्य बातें
बे ओवल, 15 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 5 टी20 मैचों की श्रृंखला के पहले मुकाबले में न्यूजीलैंड को अपने घर में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। बे ओवल में खेले गए इस मैच में न्यूजीलैंड को 7 विकेट से पराजित होना पड़ा। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका ने श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली है।
न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, जो पूरी तरह से गलत साबित हुआ। न्यूजीलैंड ने 21 रन पर 4 और 36 रन पर 5 विकेट खो दिए। इस क्रम में अनुभवी बल्लेबाज डेवन कॉन्वे और टॉम लैथम के विकेट भी शामिल थे। शुरुआती विकेटों का नुकसान न्यूजीलैंड के लिए भारी पड़ गया, और उनकी टीम 14.3 ओवर में महज 91 रन पर सिमट गई। यदि जिमी नीशम 7वें नंबर पर बल्लेबाजी करने नहीं आते और 21 गेंदों पर 26 रन नहीं बनाते, तो स्थिति और भी खराब हो सकती थी। कुल मिलाकर, टीम के 7 बल्लेबाज दो अंकों में ही सिमट गए।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से एन मोकोएना ने 3.3 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट लिए। इसके अलावा गेराल्ड कोएट्जे ने 3 ओवर में 14 रन देकर 2, ऑटनिल बार्टमैन ने 3 ओवर में 22 रन देकर 2 और कप्तान केशव महाराज ने 4 ओवर में 25 रन देकर 2 विकेट झटके।
जीत के लिए 92 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका को टोनी डे जॉर्जी के रूप में 7 के स्कोर पर पहला झटका लगा। वह 2 रन बनाकर आउट हुए। रुबिन हर्मन भी 7 रन बनाकर चलते बने। पारी की शुरुआत करने आए कॉनर एस्टरहुइजन ने 48 गेंदों पर 2 चौकों और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 45 रन बनाकर दक्षिण अफ्रीका को 7 विकेट से जीत दिलाई। दक्षिण अफ्रीका ने 16.3 ओवर में 3 विकेट पर 93 रन बनाकर मैच जीत लिया। डियान फॉरेस्टर 25 गेंदों पर 16 रन बनाकर नाबाद रहे, जबकि जेसन स्मिथ 10 रन बनाकर आउट हुए।
न्यूजीलैंड के लिए काइल जैमिसन, जकारी फॉक्स और कप्तान सेंटनर ने 1-1 विकेट लिया।