आरसीबी और एसआरएच के बीच सर्वाधिक रन बनाने वाले 3 बल्लेबाज: विराट कोहली का जलवा
सारांश
Key Takeaways
- विराट कोहली ने एसआरएच के खिलाफ 805 रन बनाए हैं।
- डेविड वॉर्नर ने 647 रन बनाए हैं।
- एबी डिविलियर्स का प्रदर्शन भी शानदार रहा है।
नई दिल्ली, 26 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। आईपीएल 2026 का उद्घाटन मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच 28 मार्च को एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम में होने वाला है। आरसीबी ने पिछले साल 18 वर्षों का सूखा समाप्त करते हुए पहली बार खिताब अपने नाम किया था। आइए जानते हैं उन तीन बल्लेबाजों के बारे में जिन्होंने आरसीबी और हैदराबाद के बीच हुए मैचों में सबसे ज्यादा रन बनाए हैं।
विराट कोहली: आरसीबी की ओर से खेलते हुए सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ सर्वाधिक रन बनाने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है। कोहली ने एसआरएच के खिलाफ 24 पारियों में 142 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 805 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक और 5 अर्धशतक लगाए हैं। मतलब यह कि कोहली को एसआरएच के खिलाफ खेलना बहुत पसंद है। आईपीएल 2025 में एसआरएच के खिलाफ एक मैच में कोहली ने 25 गेंदों में 43 रनों की शानदार पारी खेली थी। विराट इस लीग के इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं। अब तक उन्होंने 267 मुकाबलों में 8,661 रन बनाए हैं।
डेविड वॉर्नर: आरसीबी और एसआरएच के बीच खेले गए मैचों में सबसे अधिक रन बनाने वालों की सूची में डेविड वॉर्नर दूसरे स्थान पर हैं। वॉर्नर ने आरसीबी के गेंदबाजी आक्रमण का सामना 13 मुकाबलों में किया है, इस दौरान उन्होंने 163 के स्ट्राइक रेट से 647 रन बनाए हैं। हालांकि, वॉर्नर इस सीजन में टूर्नामेंट का हिस्सा नहीं हैं। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज ने अपनी कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद को 2016 में चैंपियन बनाया था। वॉर्नर ने 184 मुकाबलों में अपने आईपीएल करियर में 6,565 रन बनाए। वह आईपीएल में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले विदेशी बल्लेबाज हैं।
एबी डिविलियर्स: आरसीबी की जर्सी में खेलते हुए एबी डिविलियर्स का प्रदर्शन सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ बेहतरीन रहा है। डिविलियर्स ने एसआरएच के गेंदबाजी आक्रमण का सामना 17 मैचों में किया और इस दौरान 155 के स्ट्राइक रेट से 540 रन बनाए। उन्होंने 5 अर्धशतक भी बनाए हैं। उल्लेखनीय है कि डिविलियर्स ने 2021 में आईपीएल से संन्यास ले लिया था।