रिचर्ड पायबस ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के नए हेड कोच के रूप में कार्यभार संभाला, खास कैंप का आयोजन करेंगे
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 11 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर रिचर्ड पायबस ने अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के हेड कोच का पद संभाल लिया है। उन्होंने काबुल में स्किल डेवलपमेंट कैंप की योजना बनाई है, जो 12 अप्रैल से शुरू होगा। पायबस ने अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के सीईओ नसीब खान से भी मुलाकात की।
रिचर्ड पायबस ने अफगानिस्तान की चयन समिति, हशमतुल्लाह शाहिदी (टेस्ट और वनडे कप्तान) और इब्राहिम जादरान (टी20 कप्तान) से भी चर्चा की और टीम के भविष्य के मुकाबलों पर विचार किया। 12 अप्रैल से 16 मई तक चलने वाले इस कैंप में कुल 40 अफगानी खिलाड़ी भाग लेंगे। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा, "अफगानिस्तान टीम के नए हेड कोच रिचर्ड पायबस ने राष्ट्रीय टीम के आगामी स्किल डेवलपमेंट और ट्रेनिंग कैंप की देखरेख के लिए काबुल पहुंच गए हैं।"
पायबस के सामने भारत के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट और तीन वनडे मुकाबलों के लिए टीम को तैयार करने की चुनौती होगी। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने बताया, "पायबस ने चयन समिति, अंतर्राष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट विभागों, और हाई-परफॉर्मेंस सेंटर के अधिकारियों के साथ बैठकें कीं। चर्चाओं में आगामी मुकाबले, रणनीतियों और विशेष रूप से स्किल डेवलपमेंट कैंप पर ध्यान केंद्रित किया गया।"
एसीबी की योजना के अनुसार, "हाई-परफॉर्मेंस सेंटर की देखरेख में और नए हेड कोच की उपस्थिति में लगभग 40 अफगान खिलाड़ियों के लिए एक महीने का ट्रेनिंग कैंप आयोजित किया जाएगा। यह कैंप 12 अप्रैल से शुरू होकर 16 मई तक चलेगा। इस दौरान, 'अफगान अतालन' भारत के खिलाफ अपने टेस्ट मैच और वनडे सीरीज के लिए तैयारियों में जुटे रहेंगे।"