बैडमिंटन के महान खिलाड़ी विक्टर एक्सेलसन ने संन्यास लिया, टोक्यो और पेरिस ओलंपिक में जीते थे गोल्ड
सारांश
मुख्य बातें
नई दिल्ली, 15 अप्रैल (राष्ट्र प्रेस)। महान बैडमिंटन खिलाड़ी और दो बार ओलंपिक पदक विजेता विक्टर एक्सेलसन ने बुधवार को केवल 32 वर्ष की आयु में प्रोफेशनल बैडमिंटन से संन्यास लेने की घोषणा की। उन्होंने यह निर्णय पीठ की समस्या के कारण लिया है।
इस साल की शुरुआत में, इंडिया ओपन और जर्मन ओपन में खिताब जीतने के बाद वह बुरे स्वास्थ्य के कारण कोर्ट से बाहर रहे।
एक्सेलसन ने बैडमिंटन यूरोप से बातचीत करते हुए कहा, "लगातार पीठ की समस्याओं, सर्जरी के बाद ठीक न हो पाने और बार-बार होने वाले दर्द के कारण मैं आवश्यक स्तर पर प्रशिक्षण या मुकाबला नहीं कर पा रहा था। इसलिए, मुझे संन्यास लेने का कठिन निर्णय लेना पड़ा।"
उन्होंने आगे कहा, "ज्यादातर लोग जानते हैं कि मैं पीठ की समस्या से जूझ रहा हूं। पिछले साल अप्रैल में मेरी सर्जरी हुई थी और मैं लंबी रिहैबिलिटेशन प्रक्रिया से गुजरा। अक्टूबर में मुझे एक झटका लगा, और उसके बाद से मैं आवश्यक स्तर पर खेल या ट्रेनिंग नहीं कर सका।"
विक्टर एक्सेलसन ने 2010 में प्रोफेशनल डेब्यू किया। इसके बाद से, सुदीरमन कप को छोड़कर, उन्होंने टीम और व्यक्तिगत इवेंट्स में वर्ल्ड टूर सुपर 1000 लेवल या उससे ऊपर के सभी प्रमुख खिताब कम से कम एक बार जीते हैं। वह वर्ल्ड चैंपियनशिप दो बार (2017 और 2022) जीतने वाले केवल दूसरे नॉन-एशियन खिलाड़ी हैं। ओलंपिक इतिहास में वह सबसे ज्यादा पदक जीतने वाले पुरुष बैडमिंटन खिलाड़ी हैं, जिन्होंने टोक्यो 2020 और पेरिस 2024 ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीता। रियो ओलंपिक 2016 में उन्होंने कांस्य पदक जीता था। वह तीन बार यूरोपियन चैंपियन भी रहे हैं और थॉमस कप भी जीते हैं।
एक्सेलसन ने कहा कि संन्यास का निर्णय उस डॉक्टर की सलाह पर लिया गया जिसने उनकी सर्जरी की थी। डॉक्टर का कहना है कि अभी मुझे जो दर्द हो रहा है, उसके लिए शायद एक और सर्जरी की आवश्यकता पड़ सकती है। अगर यह ठीक नहीं हुआ तो आगे और भी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए मेरा शरीर मुझे रुकने के लिए संकेत दे रहा है।