देवघर में 16 मार्च से प्रारंभ होगा तीन दिवसीय ‘राजकीय बैद्यनाथ महोत्सव-2026’, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भरमार
सारांश
Key Takeaways
- महोत्सव 16 से 18 मार्च तक आयोजित होगा।
- स्थानीय और बॉलीवुड कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां।
- उद्घाटन 16 मार्च को अपराह्न चार बजे होगा।
- पारंपरिक कला और संस्कृति को बढ़ावा दिया जाएगा।
देवघर, 15 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। झारखंड के देवघर में 16 मार्च से प्रारंभ होने वाला तीन दिवसीय ‘राजकीय बैद्यनाथ महोत्सव-2026’ सांस्कृतिक समागम आयोजित किया जाएगा। यह महोत्सव 16 से 18 मार्च तक केकेएन स्टेडियम में होगा, जहाँ स्थानीय, राज्यस्तरीय और बॉलीवुड कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
उपायुक्त और जिला दंडाधिकारी नमन प्रियेश लकड़ा ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 16 मार्च को अपराह्न चार बजे किया जाएगा। इसके बाद तीनों दिन सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन शाम को किया जाएगा। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करना और पारंपरिक लोक कला एवं संस्कृति को प्रोत्साहित करना है।
पहले दिन (16 मार्च) उद्घाटन के बाद शाम साढ़े चार बजे से पाईका नृत्य का प्रदर्शन होगा। इसके बाद धनंजय नारायण खवाड़े ग्रुप, संजीव परिहस्त ग्रुप और हर्षप्रीत कौर एंड ग्रुप की प्रस्तुतियां होंगी। कार्यक्रम का समापन अजित और मनोज द्वारा भक्ति गीतों के साथ होगा।
दूसरे दिन (17 मार्च) का कार्यक्रम शास्त्रीय संगीत और गायन पर केंद्रित रहेगा। इस दिन जितेंद्र मंडल ग्रुप, शिवांगी की शास्त्रीय एकल प्रस्तुति, रेणु खवाड़े और स्वराभ्युदय संगीत गुरुकुल की प्रस्तुतियां होंगी। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ‘इंडियन आइडल’ फेम पूजा चटर्जी का गायन रहेगा।
अंतिम दिन (18 मार्च) में संभव कला जत्था द्वारा झूमर नृत्य से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद मानसी तिवारी और स्निग्धा यादव की प्रस्तुतियों में लोक कला की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम का समापन बॉलीवुड गायिका मधुबंती बागची के गीतों के साथ होगा।
उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा ने बताया कि इस महोत्सव के माध्यम से पारंपरिक लोक नृत्य और सांस्कृतिक विधाओं के संरक्षण और प्रचार-प्रसार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने जिले के निवासियों से इस सांस्कृतिक आयोजन में भाग लेकर कलाकारों को प्रोत्साहित करने की अपील की है।